मध्य प्रदेश के दफ्तरों में 31 मार्च तक सप्ताह में पांच दिन काम होगा, 31 अक्टूबर तक की व्यवस्था को आगे बढ़ाया

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लागू की सप्ताह में पांच तक कार्यालय खोले जाने की व्यवस्था को अब 31 मार्च 2022 तक बढ़ा दिया गया है। अभी यह व्यवस्था 31 अक्टूबर तक के लिए लागू की गई थी लेकिन शुक्रवार को मध्य प्रदेश शासन ने इसे आगे बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
कोविड 19 महामारी के रोकथाम और संक्रमण से बचाव के लिए मध्य प्रदेश में सरकारी दफ्तरों के कार्यदिवस को सप्ताह में पांच दिन किया गया था। यानी सोमवार से शुक्रवार तक सरकारी कार्यालय काम के लिए खोले जा रहे थे। कोरोना की पहली और दूसरी लहर में यह व्यवस्था लागू की गई थी। मगर अभी भी कोरोना के नए केस लगातार आने से इस व्यवस्था को फिलहाल राज्य शासन ने 31 मार्च 2022 तक जारी रखने का फैसला किया है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में सरकारी कार्यालय सप्ताह में छह दिन लगते हैं। यानी सोमवार से शनिवार तक वे कामकाज के लिए खुलते हैं। महीने में दो शनिवार को अवकाश रहता है लेकिन शेष दो शनिवार को दफ्तरों में कामकाज होता है। कोरोना महामारी के कारण दफ्तरों में यह व्यवस्था बदली गई थी और बीच में सप्ताह में पांच दिन के लिए जब सरकारी दफ्तर खुले भी तो कुछ प्रतिबंधों के साथ खोले गए। अब पूरी तरह से सरकारी दफ्तर चालू हो गए हैं लेकिन सप्ताह में पांच दिन के लिए उन्हें खोला जा रहा है।
