मच गया शोर सारी नगरी रे, आया ब्रज का बांका संभाल तेरी गघरी रे…शहर में दधिकांदो महोत्सव की धूम, कान्हा की एक झलक पाने उमड़ा सैलाब

कटनी। शहर में आज दधिकांदो महोत्सव की धूम है। श्री बधाई उत्सव कमेटी के तत्त्वाधान में जन्माष्टमी पर्व के दूसरे दिन आज रविवार को दधिकांदो महोत्सव की भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। शाम 6 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान मुरली मनोहर की महाआरती और पूजा अर्चना के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा में दो दर्जन से अधिक जीवन्त और चलित झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। मच गया शोर सारी नगरी रे, आया ब्रज का बांका संभाल तेरी गघरी रे… जैसे भजनों की गूंज के बीच सारा शहर गोकुल की गलियों जैसा नजर आ रहा है। जुलूस मार्ग पर जगह जगह बांधी गई दूध दही की।मटकियों को फोड़ने के लिए युवा वर्ग में खासा उत्साह नजर आया। कटनी और बाहर से आये कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने शमा बांध दिया। गर्ग चौराहा में कटनी टेंट लाइट एसोसिएशन द्वारा आयोजित भजन संध्या ने धूम मचा दी। जबलपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका सविता मिश्रा और शहर के युवा गायक संजू नाकरा द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की शानदार प्रस्तुति दी जा रही है। जिसमे लोग अपने आपको थिरकने से नही रोक पाए। बजरंग बाल रामायण समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा भी भजनों की शानदार प्रस्तुति दी जा रही है।







