भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया, सुपर 8 के लिए किया क्वालीफाई, ईशान किशन की धमाकेदार पारी, सूर्या की शानदार कप्तानी

कोलंबो। भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को यहां आज रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में 61 रनों के भारी अंतर से हरा दिया। ओपनर ईशान किशन की धमाकेदार पारी और गेंदबाजों के कमाल की बदौलत भारत ने केवल यह मैच जीता बल्कि सुपर 8 के लिए भी क्वालीफाई किया। भारत ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने सर्वाधिक 77 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता पवेलियन लौट गए। कप्तान सलमान अली आगा ने उन्हें आउट किया। पावरप्ले में भारत ने एक विकेट खोकर 52 रन बनाए। ईशान किशन ने 27 गेंद में अर्धशतक जड़ा है। ईशान किशन ने 40 गेंद में 77 रन की पारी खेली।उन्होंने 10 चौके और तीन छक्के लगाए। उस्मान तारिक को 11वें ओवर में गेंदबाजी का मौका मिला, उन्होंने अपने पहले ओवर में 6 रन दिए। तिलक वर्मा 24 गेंद में 25 रन ही बना सके। हार्दिक पांड्या पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में कैच आउट हुए। सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद में 32 रन का योगदान दिया। शिवम दुबे 17 गेंद में 27 के स्कोर पर रन आउट हुए। अक्षर पटेल पहली गेंद पर कैच आउट हुए। पाकिस्तान के लिए साइम आयूब ने तीन, उस्मान, शाहीन और सलमान को एक-एक विकेट मिला।
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 114 रनों पर ढेर हो गई।पाकिस्तान को पहले ओवर में झटका लगा। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान बिना खाता पवेलियन लौटे। हार्दिक पांड्या ने उन्हें आउट किया। जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में साइम आयूब को एलबीडब्ल्यू किया। आयूब ने दो गेंद में 6 रन बनाए। बुमराह ने इसी ओवर में कप्तान सलमान अली आगा को भी आउट किया। सलमान 4 गेंद में 4 रन ही बना सके। बाबर आजम 7 गेंद में 5 रन ही बना सके। अक्षर पटेल ने उन्हें पवेलियन भेजा। उस्मान खान 34 गेंद में 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अक्षर ने उनका शिकार किया। मोहम्मद नवाज को कुलदीप यादव ने आउट किया। तिलक वर्मा ने शादाब खान को कैच आउट करवाया।टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए गए हैं। संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा की वापसी हुई है, जबकि अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव को मौका मिला है। पाकिस्तान की टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है और उन्होंने वही टीम उतारी है, जो यूएसए के खिलाफ खेली थी।







