बुजुर्ग महिला पर जंगली सुअर ने किया हमला, हाथ में गंभीर चोट, शाहनगर वन परिक्षेत्र के ग्राम चौपरा में घटना

कटनी/शाहनगर, यशभारत। ग्राम चौपरा में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत के पास गाय को भेजने जा रही एक वृद्ध महिला पर जंगली सुअर ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला का दायाँ हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल महिला की पहचान चंदा बाई पति छतर सिंह 60 वर्ष निवासी ग्राम चौपरा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदा बाई रोज की तरह अपने घर से गाय को खेत की ओर भेजने निकली थीं। जैसे ही वह खेत के समीप पहुंचीं, झाडिय़ों में छिपे जंगली सुअर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान सुअर ने उनके दाएं हाथ पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और वह वहीं गिर पड़ीं। महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। वन समिति अध्यक्ष अहिल्या बाई की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, जिसमें चालक सतीश तिवारी एवं नगर सेना 96 के जवान राजेंद्र सिंह शामिल थे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुँचाया। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान महिला की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने गंभीर चोट की पुष्टि की। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ सर्वेश कुमार लोधी ने बताया कि महिला के दाएं हाथ में गहरी और गंभीर चोट है, जिसे देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय कटनी रिफर किया गया है। फिलहाल महिला को आगे के उपचार के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
भालू के हमले में बुजुर्ग घायल, वन परिक्षेत्र पवई के सुनादर बीट का मामला
पवई, यशभारत। वन परिक्षेत्र पवई के अंतर्गत सुनादर बीट में गुरुवार की सुबह एक 50 वर्षीय व्यक्ति पर भालू के द्वारा हमले करने का मामला सामने आया है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रामस्वरूप यादव पिता आशाराम यादव उम्र 50 वर्ष निवासी जूही सुबह भैंसों को चरने के लिए छोडऩे गए हुए थे, जहां झाडिय़ों में छिपे भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ पैर में गंभीर चोटे आईएउन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रिफर किया गया है। इस दौरान वन विभाग के बीट गाड्र्स ने मौके पर पहुंचकर तत्काल उन्हें सहायता राशि मुहैया कराई और इलाज के लिए भेजा। इस दौरान बीट गार्ड पुष्पेंद्र पाल, गजेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह भदोरिया, महेंद्र मौजूद रहे।







