मध्य प्रदेशराज्य

बस और बाइक की भिंडन्त: सड़क हादसे में युवक की मौत,एक घायल… क्षेत्र में हड़कंप

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाघाट–सिवनी मुख्य मार्ग पर जेवनारा गांव के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक यात्री बस बालाघाट की ओर से सिवनी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बरघाट की ओर से आ रही एक बाइक पर दो युवक सवार थे। जैसे ही दोनों वाहन जेवनारा गांव के पास पहुंचे, बस और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बरघाट थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल बरघाट में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया।

मृतक का नाम शंकरलाल पिता समरलाल इनवाती उम्र 30 साल निवासी बेहराई उमरवाड़ा एवं घायल का नाम रामप्रसाद कंगाली उम्र 30 साल निवासी बेहराई उमरवाड़ा है।

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का कहना था कि यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है और यहां आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

इस संबंध में बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बेस ने बताया कि बस और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button