सतना। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बर्तन की खरीदी-बिक्री के नाम पर महिलाओं से सोने-चांदी के जेवरात ठगने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर करीब 5 लाख रुपये के जेवरात ठगने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार फरियादी मालती चौधरी पति भूपेंद्र चौधरी निवासी बगहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात महिला उनके घर आई और पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन देने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान महिला ने विश्वास जीत लिया और जेवरात साफ करने के बहाने फरियादी व आसपास की अन्य महिलाओं से उनके पहने हुए सोने-चांदी के जेवरात ले लिए।
कुछ देर बाद जब परिजन घर पहुंचे तो पीड़ित महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ। आरोपी महिला जेवरात लेकर मौके से फरार हो चुकी थी। जांच में सामने आया कि इसी तरह से आरोपी ने मोहल्ले की कई महिलाओं को सम्मोहित कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।
मामले में पुलिस ने आरोपी सीता मल्हार पति नरसिम्हा मल्हार उम्र 28 वर्ष निवासी महराज नगर मैहर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
Back to top button