बरगी डैम के 7 गेट खोले गए, अलर्ट जारी:जलक्षेत्र का जलस्तर 422.55 मीटर पहुंचा, 39 हजार क्यूसेक पानी की आवक, 25 हजार क्यूसेक से अधिक छोड़ रहे डैम से पानी

रानी अवन्ती बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध क्षेत्र में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुये परियोजना प्रशासन ने आज 17 सितंबर शुक्रवार की रात 7.00 बजे बांध के 7 गेट खोल दिए। सातों गेट आधा-आधा मीटर खोले गए हैं। बिजली व नहर सहित कुल सात गेटों से 25 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। नर्मदा के घाटों के निवासियों को दूर रहने और डूब क्षेत्र में प्रवेश न करने के लिये अलर्ट जारी किया है। दो मीटर तक जल स्तर बढ़ जाएगा।
रानी अवन्ती बाई लोधी सागर परियोजना के कार्यपालन यंत्री मुताबिक शुक्रवार की शाम 5.00 बजे तक बरगी बांध का जलस्तर 422.50 मीटर रिकार्ड किया गया था। इसके कैचमेंट एरिया मे भारी वारिश के चलते 39 हजार 553 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। जल भराव क्षमता 422.76 मीटर है। जल विद्युत के लिए 6 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
वहीं सातों गेट से 19 हजार 282 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। कुल 25 हजार 286 क्यूसेक पानी की निकासी से नर्मदा तटों का जलस्तर दो मीटर तक बढ़ जाएगा। परियोजना प्रशासन ने निचले क्षेत्र के निवासियों को नर्मद तट से सुरक्षित दूरी बनाये रखने का अनुरोध किया है।