बरगी डेम में होली का जश्न मातम में बदला: जीरो पॉइंट पर नहाते समय 25 वर्षीय युवक डूबा, परिजनों का हंगामा

जबलपुर यश भारत । होली के रंगों के बीच बरगी डेम से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब एक 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया। जानकारी के अनुसार, जैन मंदिर के पीछे रहने वाला शैलेश नेमा दोपहर करीब 1 बजे अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद बरगी डेम के जीरो पॉइंट पर नहाने गया था। नहाते समय अचानक शैलेश का संतुलन बिगड़ा और वह पिचिंग पत्थरों की फिसलन के कारण गहरे पानी की ओर चला गया। साथियों ने उसे बचाने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन लहरों के बीच वह देखते ही देखते ओझल हो गया।
घटना की खबर मिलते ही घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर बरगी नगर चौकी प्रभारी सरिता पटेल और SDRF की टीम मौके पर पहुँची। रेस्क्यू टीम ने देर शाम तक पानी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने तक शैलेश का कोई सुराग नहीं मिल सका। जैसे-जैसे समय बीतता गया, परिजनों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने प्रशासन पर सुरक्षा इंतजामों की कमी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए घाट पर जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित परिजनों ने बाद में चौकी का घेराव कर धरना भी दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी अंजुल मिश्रा और थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने मौके पर पहुँचकर परिजनों को समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सुबह होते ही फिर से बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा, जिसके बाद परिजन शांत हुए। इस हादसे ने एक बार फिर जीरो पॉइंट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यहाँ हर साल हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक न तो चेतावनी बोर्ड लगवाए हैं और न ही स्थायी गोताखोरों की व्यवस्था की है। फिलहाल, पूरे बरगी नगर में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है और सबकी निगाहें सुबह शुरू होने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं।







