दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में अवैध मादक पदार्थ की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के चर्चित अफीम उत्पादक क्षेत्र मंदसौर की तर्ज पर अब दमोह में भी अफीम की अवैध खेती पकड़ी गई है।
जानकारी के अनुसार, जिले के तेजगढ़ थाना अंतर्गत चौकी इमलिया क्षेत्र के ग्राम सुहेला में करीब तीन एकड़ भूमि पर अवैध रूप से अफीम की फसल उगाई जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर खेत को अपने कब्जे में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फसल पूरी तरह तैयार अवस्था में थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है, हालांकि सटीक मूल्यांकन अभी किया जा रहा है। जब्त फसल को नष्ट करने की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि इस अवैध खेती के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसकी जांच जारी है। खेत मालिक और संबंधित व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
गौरतलब है कि मंदसौर क्षेत्र परंपरागत रूप से लाइसेंसी अफीम उत्पादन के लिए जाना जाता है, लेकिन दमोह जैसे जिले में इस प्रकार की अवैध खेती का सामने आना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है और जल्द ही इस मामले में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
Back to top button