जबलपुरमध्य प्रदेश

फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवतियों को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

जबलपुर। बरगी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर युवतियों को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी युवतियों को अपने जाल में फंसाकर उनकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता था और उनसे पैसे तथा शारीरिक संबंध बनाने की मांग करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, ओटीजी और कई कंपनियों के सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।

फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता था ब्लैकमेल-थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि 11 मार्च 2026 को बरगी नगर निवासी 23 वर्षीय युवती ने चौकी बरगी नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि साहिल विश्वकर्मा नामक युवक उसे फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा है। साथ ही आरोपी बार-बार पैसे की मांग भी कर रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 75(1)(ii), 78(1)(ii) और 308(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सैकड़ों युवतियों को फंसाता था-जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया पर फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर कई युवतियों से संपर्क करता था और उन्हें झांसे में लेकर ब्लैकमेल करता था। आरोपी की लोकेशन राज्य से बाहर होने के कारण उसे पकड़ना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था।

पुलिस टीम ने नागपुर जाकर दबोचा-मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (आईपीएस) ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी (जोन-4) और नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के नेतृत्व में टीम गठित कर नागपुर (महाराष्ट्र) भेजी गई। पुलिस टीम ने नागपुर में तलाश कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

मोबाइल, पेन ड्राइव और सिम कार्ड जब्त-पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, ओटीजी और अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

यह है गिरफ्तार आरोपी-गिरफ्तार आरोपी साहिल विश्वकर्मा (23) पिता अशोक विश्वकर्मा, निवासी हॉस्टल ब्लॉक बरगी नगर, थाना बरगी, जिला जबलपुर है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका-आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे, उपनिरीक्षक सरिता पटेल, सहायक उपनिरीक्षक भैयालाल वर्मा, आरक्षक मुकेश डेहरिया, मयंक चौरसिया, दुर्गेश झारिया तथा साइबर सेल के उपनिरीक्षक कपूर सिंह और आरक्षक नीरज उपाध्याय की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button