फरसे से वार कर नृशंस हत्या : दोस्त के सामने ही उतार दिया मौत के घाट ; आरोपी फरार

सतनाlसतना जिले के सिंहपुर रोड स्थित निया मैरिज गार्डन के पीछे एक खाली प्लॉट में शुक्रवार सुबह खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरदहा गांव निवासी गोपाल श्रीवास्तव (32) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नागौद के हरदुटोला इलाके में किराए पर रह रहा था और सड़वा रेलवे स्टेशन में ठेके पर सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपाल शुक्रवार सुबह अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहा था। उसी दौरान सिंहपुर रोड के पास पहले से घात लगाए बैठे अशोक पयासी ने अचानक फरसे से उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान गोपाल और उसका दोस्त भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन अशोक ने गोपाल का पीछा किया और एक गड्ढे में गिरने के बाद उस पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
गोपाल का दोस्त भागकर मदद लेने गया, लेकिन जब तक वह लोगों को लेकर लौटा, तब तक गोपाल की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खून से सना फरसा बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हत्या की वजह: पत्नी को लेकर भागने की रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अशोक और मृतक गोपाल एक ही गांव सुरदहा के रहने वाले थे। करीब एक वर्ष पूर्व गोपाल, अशोक की पत्नी को लेकर भाग गया था। तभी से गोपाल और महिला नागौद में साथ रह रहे थे। आरोपी अशोक की तीन संतानें भी हैं, जो मां के साथ रह रही थीं। अशोक ने इस घटना को लेकर जसो थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी तब से मानसिक रूप से असंतुलित हो गया था और अक्सर गांव में गोपाल की हत्या की धमकी देता था।
पुलिस की दो टीमें तलाश में जुटीं
हत्या के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय और जसो थाने की संयुक्त टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मनीष भारद्वाज भी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।







