प्रेम विवाह के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत परिजनों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस

कटनी/रैपुरा, यशभारत। रैपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अधराड़ में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के 25 वर्षीय पूजा लोधी के परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूजा लोधी का पति शनिवार सुबह करीब आठ बजे पूजा लोधी का शव लेकर अधराड गांव पहुंचा। इसकी सूचना मिलने पर मृतका के भाई चंद्रप्रकाश लोधी ने तत्काल थाना रैपुरा को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों की संयुक्त टीम द्वारा किया गया, जिसमें रैपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. आदित्य तिवारी एवं शाहनगर से डॉ. प्रीति खन्ना शामिल थीं। पोस्टमार्टम के बाद मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर डॉक्टरों की टीम किसी भी बिंदु पर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। टीम मृत्यु का संभावित समय, प्राथमिक कारण और यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि मौत प्राकृतिक थी, आकस्मिक या हिंसक। पुलिस सुरक्षा में देर शाम अधराड गांव में मृतका का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई रैपुरा तहसीलदार की देखरेख में की है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। इस मामले में पवई की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जांच करेंगी। इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। इस दौरान थाना प्रभारी संतोष यादव, सहायक उप निरीक्षक यशवंत सिंह, प्रधान आरक्षक बाबू सिंह, रवि खरे, आरक्षक सुल्ताना खान, राजेश कुमार, अतुल मेहता सहित पुलिस मौजूद रहा।
परिजनों की मर्जी के विरुद्ध किया विवाह
जानकारी के मुताबिक रैपुरा निवासी पूजा लोधी और अधराड निवासी राहुल लोधी ने जुलाई में परिजनों की मर्जी के विरुद्ध विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों इंदौर में रह रहे थे। मामले में 31 अगस्त को मृतका के भाई चंद्रभान लोधी ने बहन के लापता होने की लिखित शिकायत थाना रैपुरा में दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर गुम इंसान का मामला कायम किया गया था, हालांकि दोनों की तलाश नहीं हो सकी थी।
इलाज के दौरान हुई मौत : पति
मृतका के पति राहुल लोधी का कहना है कि उसकी पत्नी गर्भवती थी और उसे पीलिया हो गया था। इंदौर में इलाज के दौरान बच्ची मृत पैदा हुई थी। इसके बाद उसकी हालत बिगडऩे पर निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। तबीयत में सुधार न होने पर घर लाते समय दमोह में दिखाया गया, जहां से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया। पति के अनुसार वहीं इलाज के दौरान पूजा लोधी की मौत हुई। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है और इलाज से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।







