पूरी रात चला गार्डर चढ़ाने का काम, कटनी ग्रेड सेपरेटर के लिए पिलर पर चढ़ाए भारी भरकम गार्डर

कटनी, यशभारत। झलवारा से मझगवां तक कटनी ग्रेड सेपरेटर का निर्माण करोड़ों रूपए की लागत से किया जा रहा है। डाउन ट्रैक में सागर रेल पुलिया के ऊपर पिलर पर गार्डर चढ़ाने का काम कल पूरी रात चलता रहा। इस दौरान सागर पुलिया के दोनों ओर आवागमन बंद रहा। निर्माण एजेंसी ने रात 11 बजे काम शुरू किया और हेवी क्रेन के माध्यम से गार्डर को पिलर पर सफलतापूर्वक चढ़ाया गया। विदित हो कि कटनी ग्रेड सेपरेटर परियोजना के कार्य को सुचारू रूप से किये जाने के लिए मंगलवार 24 फरवरी से शनिवार 28 फरवरी तक रात्रि में परिवहन के लिए यातायात बाधित करने का आदेश जारी किया गया है। बताया जाता है कि अब मुड़वारा स्टेशन की ओर गार्डर को ब्रिज के पिलर पर चढ़ाने का काम किया जाएगा। विदित हो कि ए उमामहेश्वर राव प्रोजक्ट हेड लार्सन एंड ट्यूबरो द्वारा पश्चिम मध्य रेलवे पीकेजी 1 की कटनी ग्रेड सेपरेटर परियोजना के अंतर्गत कटनी जिले के न्यू कटनी जंक्शन कटनी मुड़वारा यार्ड के ऊपर से गुजरने वाले डीएन लाइन रेल्वे ग्रेड सेपरेटर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।







