मध्य प्रदेशराज्य

पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा : गंभीर रूप से बीमार रितिका को एयरलिफ्ट कर भेजा गया चंडीगढ़

Table of Contents

 मण्डलाl मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा मण्डला जिले के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। इस सेवा के माध्यम से जिले के ग्राम घुटास निवासी 16 वर्षीय कु. रितिका यादव को गंभीर अवस्था में एयरलिफ्ट कर चंडीगढ़ भेजा गया। वे जिले की इस सेवा का लाभ प्राप्त करने वाली प्रथम हितग्राही हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने जानकारी देते हुए बताया कि कु. रितिका यादव फाइब्रोसिस एवं पल्मनरी आर्टरीज हाइपरटेंशन जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। पूर्व में उनका उपचार नागपुर मेडिकल कॉलेज में भी कराया गया था, किंतु बीमारी की जटिलता को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उन्हें उन्नत उपचार के लिए पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, चंडीगढ़ भेजने की सलाह दी गई।

रितिका के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है तथा उनकी माता श्रीमती तरेसा यादव ही उनका एकमात्र सहारा हैं। कु. रितिका प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत पात्र हितग्राही हैं। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा पीजीआई चंडीगढ़ के फेफड़ा रोग विशेषज्ञों से समन्वय स्थापित कर मरीज की स्थिति से अवगत कराया गया, जिसके पश्चात संस्थान द्वारा निःशुल्क उपचार के लिए सहमति प्रदान की गई।इस पूरे प्रकरण में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की संवेदनशीलता और तत्परता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उनके मार्गदर्शन में न केवल एयर एम्बुलेंस की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित की गई, बल्कि रितिका की माता को आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई, ताकि उपचार के दौरान किसी प्रकार की आर्थिक बाधा न आए। चंडीगढ़ मेडिकल कॉलेज में समन्वय स्थापित कराने में भी कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई गई।20 फरवरी को प्रातः 8:30 बजे रितिका यादव को जबलपुर एयरपोर्ट से एयर एम्बुलेंस के माध्यम से चंडीगढ़ रवाना किया गया। वर्तमान में उनका उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में प्रारंभ हो चुका है।उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्रता होने के कारण मरीज को यह महंगी एयर एम्बुलेंस सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर शासन और जिला प्रशासन ने जीवन रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button