देश

पहले भी 60 लाख से निपटा चुका था सराफा का कमीशन एजेंट, इस बार 4 करोड़ के सोने पर बड़ा दांव मारा, फिलहाल लास्ट लोकेशन उमरिया

बीबी और दो छोटे बच्चों को छोड़कर किस लड़की के साथ गायब हुआ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष का पुत्र

कटनी, यशभारत। सराफा बाजार में कारोबारियों और कारीगरों के साथ हुई 4 करोड़ से ज्यादा कीमत के सोने की ठगी के मामले में आरोपी अंशुल सोनी का अब भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने सराफा व्यापारियों की शिकायत के बाद कल से पतासाजी तेज कर दी है, लेकिन उसकी लोकेशन अब तक ट्रेस नहीं हुई है। कोतवाली थाना प्रभारी अजय सिंह ने आज दोपहर बताया कि अंशुल की लास्ट लोकेशन उमरिया ट्रेस की गई है। बेहद शातिराना तरीके से ठगी करने वाला अंशुल शादीशुदा है तथा उसके दो बच्चे भी हैं, फिर भी खबर है कि चंदिया की लड़की उसके साथ है। उसने कुछ दिन पहले ही 20 लाख रुपए कीमत की कार खरीदी थी, तब ही वह लोगों की नजरों में आ चुका था, लेकिन ठगी के उसके खेल को कोई नहीं भांप सका। कल दो दर्जन से ज्यादा सराफा व्यापारियों ने खुद के साथ ही धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस को की।

अनेक सराफा व्यापारियों ने बताया कि मसुरहा वार्ड पुरानी बस्ती निवासी सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश सोनी का पुत्र अंशुल इसके पहले वर्ष 2011 में भी इसी तरह की ठगी करते हुए सराफा व्यापारियों को करीब 60 लाख का चूना लगा चुका था। तब किसी तरह आपसी सहमति के आधार पर यह मामला निपटा दिया गया। इस बार उसने पूरी योजना के साथ 30 से ज्यादा व्यापारियों और कारीगरों से धोखाधड़ी का जाल बुनकर करीब 4 किलो 300 ग्राम सोना अपने पास एकत्रित कर लिया और मौका देखकर कटनी से फरार हो गया। इस सोने की कीमत 4 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। बताते हैं कि 31 जुलाई के बाद जब दो दिन तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी। उसके गायब होने की जानकारी जैसे ही सराफा बाजार में पता चली, तो हड़कंप मच गया, क्योंकि अंशुल सोनी के पास 30 से ज्यादा व्यापारियों और कारीगरों का करोड़ों का सोना फंसा हुआ था। लोगों को समझ आ गया कि अंशुल गुमशुदा नहीं, बल्कि उन्हें लंबी रकम से चूना लगाकर चंपत हो गया। धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों ने सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी लिखित में दी। किस व्यापारी का कितना सोना गया, इसकी भी जानकारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पुलिस को दी गई। करीब 37 वर्षीय अंशुल सोनी कपड़ा बाजार में श्रेया टूल्स नामक प्रतिष्ठान में अपने पिता के साथ बैठता था। पहले खबर मिली कि उसके साथ भागने वाली लड़की कटनी की लोकल है। बाद में पता चला कि चंदिया की कोई लड़की है। अंशुल के उससे क्या कनेक्शन हैं, पुलिस यह भी पता लगा रही है।

ऐसे की गई ठगी, कारीगरों की उम्मीदें टूटी

सराफा कारोबार में 10 से 20 ग्राम सोने की पूंजी फंसाकर व्यापार करने वाले छोटे कारीगरों के साथ बड़ी धोखाधड़ी हुई है। ये लोग इस ठगी के बाद बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। मनोज सोनी, मयंक सोनी, सुनील सोनी, अंकित सोनी, अमन सोनी, आयुष सोनी, जीतू सोनी आदि ने बताया कि अंशुल कमीशन एजेंट के रूप में काम करता था। ग्राहकों को खपाने के नाम पर वह व्यापारियों से सोना या जेवर लेकर अपने पास रखता गया और बाद में गलाकर उसे खालिस सोने में बदलकर फरार हो गया। सराफा के कारोबार का हमेशा से यही नियम था कि इस धंधे की कच्ची लिखापढ़ी होती है। सराफा एसोसिएशन के संरक्षक समिति सदस्य सुदर्शन सोनी ने बताया कि छोटे-छोटे कारीगरों ने 20 से 50 ग्राम तक सोना अपनी मेहनत की कमाई से इकट्ठा कर अंशुल को जेवर बनाने व सप्लाई के लिए दिया था। परंतु अंशुल ने उनके साथ विश्वासघात कर सबकुछ लेकर भाग जाने जैसा गलत कृत्य किया। जब व्यापारियों ने बुधवार को अंशुल को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। आपस में चर्चा और घंटों इंतजार के बाद सभी को यह यकीन हो गया कि वे एक बड़ी ठगी के शिकार हो गए हैं। जिन व्यापारियों का ज्यादा सोना गया है उनमें अंश सोनी का 550 ग्राम, अंकित सोनी का 250 ग्राम, शिवम् सोनी का 55 ग्राम, मनोज सोनी का 155 ग्राम, अमन सोनी का 35 ग्राम, अंकित सोनी का 145 ग्राम और चिंटू सोनी का 336 ग्राम सोना शामिल है।

कोतवाली पहुंचे आक्रोशित व्यापारियों ने दी जानकारी

अंशुल के पिता सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं, लेकिन उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर ठगी के शिकार सराफा कारोबारी कल दोपहर कोतवाली पहुंचे तथा थाना प्रभारी अजय सिंह को पूरी जानकारी दी। ज्ञापन सौंपकर कहा गया है कि पिछले 3 दिन से अंशुल गायब है लेकिन पुलिस पता करने में लेट कर रही है। किसी ने पुलिस को यह भी बताया है कि अंशुल पश्चिम बंगाल भाग सकता है, वहां भी पता लगाया जाए। उधर अनेक व्यापारियों का यह भी कहना है कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर पूंजी फसाई थी, वे तो बर्बाद हो जाएंगे। पुलिस यदि आरोपी का पता नहीं लगाती तो सराफा बाजार में अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी। कल भी ठगी के विरोध में कारोबारियों ने दुकानें बंद रखी।

IMG 20250803 171436
Picsart 25 08 03 17 06 53 717

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button