नारी सम्मान और कानून की गरिमा पर हमला
शासकीय अमले से बदसलूकी के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग:

कटनी। यशभारत- नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए नगर निगम एवं पुलिस विभाग के संयुक्त अभियान के दौरान शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ हुई अभद्रता के मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अब स्वयं महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी भी खुलकर कार्रवाई की मांग करने सामने आ गई हैं। सोमवार को महापौर, पार्षद साथियों एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचीं और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से भेंट कर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
महापौर द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में दद्दाधाम निवासी श्याम सुंदर पाण्डेय की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि नगर निगम द्वारा जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से नो-पार्किंग एवं अव्यवस्थित वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 27 दिसंबर को संबंधित व्यक्ति द्वारा बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित किया गया। जब अतिक्रमण एवं यातायात अमले ने वाहन हटाने का आग्रह किया, तो कर्मचारियों—जिसमें महिला कर्मी भी शामिल थीं के साथ अभद्र भाषा, गाली-गलौच एवं धमकी दी गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
महापौर ने ज्ञापन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल शासकीय कार्य में बाधा हैं, बल्कि यह नारी सम्मान, कानून व्यवस्था और नगर निगम आयुक्त जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा पर भी सीधा प्रहार हैं। ऐसे मामलों में सख़्त संदेश देना आवश्यक है।”
महापौर ने मांग की कि 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति शासकीय अमले को धमकाने का साहस न कर सके। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह मामला अब केवल यातायात अव्यवस्था तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि कानून बनाम दबंगई, नारी सम्मान और शासन की प्रतिष्ठा से जुड़ा अहम प्रश्न बन चुका है, जिस पर नगर प्रशासन अब पूरी तरह सख़्त रुख अपनाता नजर आ रहा है।







