मध्य प्रदेशराज्य

नवागत कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने संभाला मोर्चा : पदभार ग्रहण करते ही कलेक्ट्रेट की शाखाओं में दी दबिश, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Table of Contents

सागर, यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले की नवनियुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में प्रशासनिक कसावट और जनहित सर्वोपरि होगा। कार्यभार संभालते ही उन्होंने न केवल अधिकारियों की परिचय बैठक ली, बल्कि कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण कर अपनी कार्यशैली के संकेत दे दिए।

*समय-सीमा बैठक में सख्त तेवर: “लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं”*

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद श्रीमती पाल ने समय-सीमा (TL) बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सभी विभागीय अधिकारी टीएल बैठक सहित हर शासकीय बैठक में समय पर उपस्थित रहें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभागों में आने वाले किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। हितग्राहियों के कार्यों का निराकरण तय समय-सीमा के भीतर ही सुनिश्चित किया जाए।

*प्राथमिकता पर रहेंगे शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्य*

बैठक के दौरान कलेक्टर ने आगामी जनगणना-2027, संकल्प से समाधान अभियान और जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, पीएचई और निर्माण संबंधी कार्यों को अपनी प्राथमिकता सूची में रखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरे किए जाएं। इस दौरान एसपी विकास शाहवाल, जिला पंचायत सीईओ विवेक के.वी. एडीशनल कलेक्टर अविनाश रावत, डिप्टी कलेक्टर अमन मिश्रा और नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री सहित जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

*कलेक्ट्रेट की शाखाओं का सघन निरीक्षण: रिकॉर्ड रूम और भू-अर्जन पर फोकस*

प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट परिसर की विभिन्न शाखाओं का धुआंधार निरीक्षण किया। उन्होंने ई-डिस्ट्रिक्ट, नाजरात, स्थानीय निर्वाचन, भू-अभिलेख, जनसुनवाई और शस्त्र लाइसेंस शाखा सहित क्रेच रूम का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुरानी नस्तियों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए ताकि रिकॉर्ड रूम को सुव्यवस्थित किया जा सके।

*भविष्य की तैयारियों पर जोर*

भू-अर्जन के मामलों में तेजी लाने और सीएम हेल्पलाइन के जवाब पोर्टल पर समय पर दर्ज करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी। जनगणना प्रकोष्ठ के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की महत्ता को समझते हुए टीम में अनुभवी व्यक्तियों की संख्या बढ़ाने और पूर्ण परिशुद्धता के साथ कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के इस सक्रिय अंदाज को देखकर प्रशासनिक हलकों में यह संदेश स्पष्ट चला गया है कि आने वाले दिनों में सागर जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली में बड़ी तेजी और शुचिता देखने को मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button