नर्मदा प्राकट्योत्सव 2026: श्रद्धालुओं के लिए जबलपुर पुलिस ने जारी किया विस्तृत ट्रैफिक प्लान; ग्वारीघाट, भेड़ाघाट और तिलवाराघाट के मार्ग परिवर्तित

जबलपुर यश भारत। दिनांक 25 जनवरी 2026 को माँ नर्मदा प्राकट्योत्सव के पावन अवसर पर शहर के प्रमुख घाटों—ग्वारीघाट, भेड़ाघाट और तिलवाराघाट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जबलपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कई मार्गों को ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित किया गया है और भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है।
ग्वारीघाट क्षेत्र: एंट्री और एग्जिट के अलग मार्ग
ग्वारीघाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रामपुर चौक से एंट्री सुनिश्चित की गई है। सभी दो पहिया और चार पहिया वाहन रामपुर चौक से बिग बाजार और सुखसागर वैली होते हुए अवधपुरी मोड से डायवर्ट होकर आयुर्वेदिक संस्थान (दशहरा मैदान) की पार्किंग में खड़े होंगे। वापसी के लिए वाहनों को दशहरा मैदान से आयुर्वेदिक संस्थान के मेन गेट, गीताधाम, भिटौली कुण्ड और तिलहरी होते हुए शहर की ओर भेजा जाएगा।
विशेष रूप से, रामलला मंदिर से झण्डा चौक, साकेतधाम और जिलहरी मोड के आसपास के क्षेत्रों को ‘नो व्हीकल जोन’ बनाया गया है। मेट्रो बसें और भारी वाहन केवल रामपुर चौक तक ही जा सकेंगे। बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल से घाट तक निःशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है।
भेड़ाघाट और तिलवाराघाट: भारी वाहनों पर रोक
भेड़ाघाट की ओर जाने वाली मेट्रो बसें और ऑटो केवल भड़पुरा तिराहा और जनपद पंचायत मैदान तक ही जा सकेंगे। भारी और लोडिंग वाहनों का प्रवेश चौकीताल बाईपास और भेड़ाघाट चौराहे से पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों की पार्किंग के लिए पुलिस लाइन मैदान, हेलीपैड और जनपद पंचायत मैदान को चिन्हित किया गया है।
वहीं, तिलवाराघाट जाने वाले भारी वाहन सगड़ा बाईपास होकर गुजरेंगे। शहर से आने वाले वाहन शास्त्रीनगर और मेडिकल होकर सगड़ा तिराहा तक जा सकेंगे। तिलवारा में पार्किंग की व्यवस्था नये पुल के नीचे और तिलवारा थाने के सामने मैदान में की गई है।
जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने की अपील
सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वाहन आम रोड पर खड़ा न करें अपने वाहन पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें। निःशुल्क ई रिक्शा की सुविधा केवल वृद्ध एवं निःशक्त जनों हेतु की गई है जिसका उपयोग पार्किंग स्थल से घाट तक के लिए किया जाएगा।







