सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के कड़े रुख के बाद शहर में बकाया करों की वसूली और अवैध व्यवसायिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। निगमायुक्त के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल ने शहर के विभिन्न वार्डों में छापामार कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को सील किया। इस दौरान संपत्तिकर, जलकर और कचरा प्रबंधन शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ तालाबंदी की कार्रवाई भी की गई।
आवासीय परिसर में चल रहा था आरओ प्लांट, टीम ने किया सील
निगम के उड़नदस्ता दल ने तिली वार्ड स्थित कैला माता मंदिर के पास बड़ी कार्रवाई की। यहाँ विनय केशरवानी द्वारा आवासीय परिसर में अवैध रूप से ‘आरओ वाटर प्लांट’ का संचालन किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान शासकीय भूमि पर ट्यूबवेल, घरेलू नल कनेक्शन का व्यवसायिक उपयोग और व्यापार अनुज्ञा (ट्रेड लाइसेंस) का अभाव पाया गया। परिसर में अत्यधिक गंदगी मिलने पर टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए स्थल को तत्काल सील कर तालाबंदी कर दी।
जांच के दौरान मैरिज गार्डनों में भी बड़ी अनियमितताएं सामने आईं। अंबेडकर वार्ड स्थित ‘कन्हैया मैरिज गार्डन’ और मोतीनगर स्थित ‘आदर्श मैरिज गार्डन’ का मानचित्र और संपत्तिकर निर्धारण आवासीय पाया गया, जबकि वहां व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। निगम ने दोनों गार्डन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में पंतनगर वार्ड स्थित एक बेकरी प्रतिष्ठान को भी बकाया करों का तत्काल भुगतान करने की चेतावनी दी गई।
लापरवाही पर राजस्व अधिकारी को नोटिस, वसूली के लिए सख्त चेतावनी
शहर में बढ़ती अनियमितताओं को देखते हुए निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने राजस्व अधिकारी को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर जवाब तलब किया है। उड़नदस्ता प्रभारी सहायक आयुक्त आनंद मंगल गुरु ने स्पष्ट किया कि आवासीय परिसरों में व्यवसायिक गतिविधि मिलने पर न केवल कार्रवाई होगी, बल्कि घरेलू नल कनेक्शनों को भी तत्काल व्यवसायिक श्रेणी में बदला जाएगा। उन्होंने बिना अनुमति संचालित मैरिज गार्डनों से शत-प्रतिशत बकाया वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त आनंद मंगल गुरु सहित महिला ब्रिगेड की सहायक प्रभारी श्रीमती जया श्रीवास्तव, श्रीमती नीता श्रीवास्तव, श्रीमती विजया श्रीवास्तव एवं टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Back to top button