मध्य प्रदेशराज्य

देवरी नगर पालिका चुनाव: 1197 वोटों से जीती ‘भरी कुर्सी’, नेहा अलकेश जैन अध्यक्ष पद पर बरकरार

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले की देवरी नगर पालिका में ‘राइट टू रिकॉल’ के तहत संपन्न हुए ऐतिहासिक चुनाव में वर्तमान अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने अपनी कुर्सी बचाने में बड़ी सफलता हासिल की है। “खाली कुर्सी बनाम भरी कुर्सी” के इस कड़े मुकाबले में जनता ने एक बार फिर नेहा जैन के नेतृत्व पर भरोसा जताया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश रावत द्वारा यश भारत के संभागीय ब्यूरो को दिए गए आधिकारिक परिणामों के अनुसार, नेहा जैन 1197 मतों के निर्णायक अंतर से विजयी (भरी कुर्सी) घोषित की गई हैं। चुनाव में कुल 13367 मत डाले गए जिनमें से 7282 मत भरी कुर्सी के पक्ष में तथा 6085 मत खाली कुर्सी के पक्ष में डाले गए। इस तरह से कुल 1197 मतों भरी कुर्सी विजय घोषित की गई।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी की कड़ी निगरानी और चाक-चौबंद व्यवस्था

इस बेहद संवेदनशील चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश रावत ने पूरी चुनाव प्रक्रिया पर व्यक्तिगत रूप से कड़ी निगरानी रखी। श्री रावत के निर्देशन में मतदान के दौरान भी किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। मतदान केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर और मुस्तैदी के कारण कहीं भी अप्रिय स्थिति या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली, जिससे लोकतंत्र के इस उत्सव की शुचिता बनी रही।

मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया को भी श्री रावत ने अपनी देखरेख में पूर्ण कराया। मतगणना स्थल पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक-एक वोट की गिनती पारदर्शिता के साथ की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं हर राउंड की मॉनिटरिंग की, ताकि निर्वाचन आयोग के नियमों का अक्षरशः पालन हो सके। उनकी इस प्रशासनिक दक्षता और पूर्व तैयारी की बदौलत ही इतने चुनौतीपूर्ण चुनाव के परिणाम बिना किसी विवाद के घोषित हो सके।

जनता का फैसला: विकास की जीत

1197 वोटों का जीत का अंतर यह स्पष्ट करता है कि देवरी की जनता ने विरोध स्वरूप चलाए गए ‘खाली कुर्सी’ अभियान के मुकाबले वर्तमान परिषद के कार्यों को प्राथमिकता दी है। जहाँ विपक्ष ने भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों पर घेराबंदी की थी, वहीं नेहा जैन की इस दमदार वापसी ने उनके समर्थकों में नया जोश भर दिया है।

जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश रावत ने निर्वाचन टीम को सफल संचालन के लिए बधाई दी। साथ ही, उन्होंने नगरवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिणाम आने के बाद भी नगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे ताकि किसी भी प्रकार का अनावश्यक तनाव उत्पन्न न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button