दस्तावेजों से खुलवाया खाता, फिर किया लाखों का लेनदेन, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किया मामले का खुलासा, रायपुर से एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

कटनी, यशभारत। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक मेंं खाते खोलकर अवैध रूप से लेनदेन करने के मामले में माधवनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस पूरे मामले में पुलिस ने एक आरोपी को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले भी गिरफ्तारियां हो चुकी है और जांच के बाद इस मामले में कई अन्य आरोपी भी गिरफ्त में आएंगे। यह एक बड़ा नेटवर्क है और फिनो बैंक के साथ ही अन्य बैंका में भी इस तरह के फ्रॉड की जांच कराई जाएगी। पुलिस ने बताया कि विगत 9 दिसंबर को कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कैमोरी निवासी अनिल कोल ने माधवनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि माधवनगर निवासी दीपक पोहानी ने उ सके फिनो बैंक खाते, खाते से जुड़ी सिम तथा अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग कर अवैध रूप से लेन-देन किया है। इस पर पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
जांच में सामने आए तथ्य
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो कई तथ्य सामने आए। जिसमे आरोपी दीपक पोहानी के पास से अनिल कोल की फिनो बैंक की पासबुक, एटीएम कार्ड एवं सिम कार्ड बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि अनिल का खाता लगभग दो माह पहले खुलवाया गया था और उसी से संबंधित दस्तावेज आगे अन्य लोगों को दिए गए। इस मामले में सुमित माखीजा निवासी नरसिंहपुर एवं अभिषेक सेतवानी निवासी नरसिंहपुर (वर्तमान में रायपुर) की भूमिका भी सामने आई, जिन्हें आरोपी बनाकर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
आरोपी के मेमोरेंडम से हुआ खुलासा
आरोपी अभिषेक सेतवानी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि बैंक खाता, एटीएम कार्ड व सिम रायपुर निवासी मनीष सिंह और निखिल झा को दिए गए थे, जिनके जरिए खाते में रकम का आदान-प्रदान किया गया। इसके बाद पुलिस टीम को रायपुर भेजा गया, जहां तकनीकी सहायता से आरोपी निखिल झा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से कई संदिग्ध एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक, सिम कार्ड और बायोमेट्रिक मशीन जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर माधवनगर लाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।







