यश भारत:-सिवनी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत दलसागर तालाब के पास एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कुछ युवक एक छात्र के साथ मारपीट करते और उसे गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दलसागर तालाब के पास कुछ युवकों ने एक स्कूली छात्र को घेरकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक छात्र के साथ हाथापाई कर रहे हैं और उसे अपशब्द भी कह रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्र मिशन अंग्रेजी माध्यम स्कूल का विद्यार्थी है। हालांकि अब तक छात्र या उसके परिजनों द्वारा कोतवाली थाने में इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें कुछ लड़के एक छात्र के साथ मारपीट करते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि छात्र की स्कूल ड्रेस को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह मिशन अंग्रेजी माध्यम स्कूल का विद्यार्थी है।
थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल पुलिस पिटने वाले छात्र और मारपीट करने वाले युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही घटना से संबंधित अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित छात्र और आरोपियों का पता लगने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Back to top button