दरिंदगी की इंतिहा: महिला से गैंगरेप, वीडियो बनाया; दोस्त ने लिया बदला, आरोपी को अगवा करने की कोशिश

मैहर/सतना। मध्यप्रदेश के मैहर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। शादीशुदा महिला से गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग और अपहरण के इस घटनाक्रम ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। पीड़िता के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले नाबालिग लड़का उसे बहला-फुसलाकर पपरा पहाड़ ले गया, जहां उसके 3-4 साथियों ने मिलकर बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं।
दरिंदगी के बाद ब्लैकमेलिंग: मोबाइल-झुमके छीने, वीडियो भी बनाया
पीड़िता ने अमरपाटन थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि गैंगरेप के दौरान आरोपियों ने न सिर्फ उसकी अस्मत लूटी, बल्कि इस अमानवीय कृत्य का वीडियो भी बनाया। घटना के बाद महिला का मोबाइल और सोने के झुमके भी छीन लिए गए। इस पूरे मामले से महिला मानसिक रूप से टूट गई थी, लेकिन हिम्मत कर जब अपने करीबी दोस्त को बताया, तो कहानी ने एक नया मोड़ ले लिया।
बदले की कार्रवाई: दोस्त पहुंचा आरोपी के घर, हुआ बवाल
सोमवार शाम 6 बजे पीड़िता का दोस्त आरोपी के घर पहुंचा और छीना गया मोबाइल, झुमके और वीडियो डिलीट करने की बात कही। बात इतनी बढ़ गई कि दोस्त ने गुस्से में नाबालिग आरोपी को जबरन गाड़ी में बैठा लिया और ले जाने लगा। रास्ते में दो अन्य लोगों को भी गाड़ी में बैठा लिया गया।
*मोबाइल लोकेशन से पकड़े गए आरोपी, दो गिरफ्तार*
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर रीवा में गाड़ी को रोका गया और नाबालिग को छुड़ाया गया। इस मामले में अखिलेश कुशवाहा और विष्णु कुशवाहा को पुलिस ने अपहरण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
गैंगरेप का केस दर्ज, मुख्य आरोपी हिरासत में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने मंगलवार को थाने में गैंगरेप की FIR भी दर्ज कराई। एसपी सुधीर अग्रवाल के मुताबिक, मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस अभी अन्य आरोपियों के नाम और संख्या को लेकर चुप्पी साधे हुए है।






