दरवाजा खोलते ही युवक को मारी गोली, कंधे में फंसी; संजय गांधी अस्पताल में भर्ती, क्षेत्र में हडकंप

सतना /मैहर। ताला थाना क्षेत्र के खजुरीताल इटमा गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी। गोली युवक के कंधे में लगी और वहीं फंस गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत उपचार के लिए संजय गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है। घायल युवक ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर के बाहर आकर आवाज लगाई। जब उसने दरवाजा खोला तो सामने खड़े व्यक्ति ने बंदूक से गोली चला दी। गोली सीधे उसके कंधे में जाकर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। सूचना मिलने पर ताला थाना पुलिस भी संजय गांधी मेडिकल कॉलेज पहुंची और घायल युवक से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस का कहना है कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और हमलावर की तलाश की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।







