मंडलाl जिले के अंजनिया (जगमंडल) वन परिक्षेत्र के ग्राम घोंट में करंट लगाकर वन्यप्राणी के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक जांच में चीतल के शिकार की आशंका जताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवचरन साहू (44) के रूप में हुई है। वन विभाग की टीम ने आरोपी के खेत से शिकार में इस्तेमाल किया गया सामान जब्त किया है। जब्त सामग्री में बिजली का तार, सेंटिंग तार, बांस की खूंटियां, हड्डी का टुकड़ा, खून लगी मिट्टी और पत्थर, वन्यप्राणी के बाल, खून लगी फटी बोरियां, काटने के निशान वाली लकड़ी और बांस के डंडे शामिल हैं।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी को बिछिया न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जगमंडल की वनक्षेत्रपाल एवं परिक्षेत्र अधिकारी लतिका तिवारी उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया था और सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में चीतल के शिकार की संभावना सामने आई है। यह कार्रवाई मंडला वन मंडल अधिकारी प्रीता एस.एम. और उप वन मंडल अधिकारी माधवराव उइके के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व वनक्षेत्रपाल लतिका तिवारी उपाध्याय ने किया। इस दौरान परिक्षेत्र सहायक, वन चौकी प्रभारी, वन रक्षक, सुरक्षा श्रमिक और अन्य वन स्टाफ मौजूद रहा।