मध्य प्रदेशराज्य

डीजल टैंकर बन गया आग का गोला : छोटा भाई जिंदा जला, बड़ा भाई झुलसा , लगभग 14 हजार लीटर तीव्र ज्वलनशील ईंधन से भरा था टैंकर

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-जिला जिले के बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनी-बालाघाट मार्ग में रात्रि लगभग 11:30 बजे पेट्राेल-डीजल टैंकर में में आग लग गई।और यह आग कौड़िया-घीसी गांव में संचालित संतोष ढाबे में भी लगी, भीषण आगजनी में एक युवक पंकज पुत्र नरेन्द्र पटले (23) जिंदा जल गया। जबकि कौड़िया गांव निवासी मृतक का बड़ा भाई राहुल पटेल (27) झुलस गया। लगभग 14 हजार लीटर तीव्र ज्वलनशील ईंधन से भरा टैंकर (वाहन क्र. एमपी 14 एचसी 5013) जबलपुर से बालाघाट जा रहा था। जिसमें फैली आग से ड्रायवर अरविंद परिहार (45) बरगी जबलपुर निवासी के हाथ-पैर झुलस गए। दोनों घायलों का उपचार बरघाट अस्पताल में चल रहा है, जिनकी स्थिति खतरे से बाहर है। रात लगभग 11.30 बजे ढाबे व पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में एक साथ भड़की आग को बरघाट पुलिस ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत कर रात लगभग 2:30 बजे काबू किया। घटना के दौरान ढाबे में संचालक संतोष सोनी के अलावा एक कमरे में पान दुकान संचालित कर रहा पंकज व उसका बड़ा भाई राहुल पटले मौजूद थे। आग इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ढैंकर का हेल्पर व ढाबे में मौजूद लोग भयभीत होकर इधर-उधर भाग निकले।

बड़ा हादसा हो सकता था

यह तो गनीमत रही कि इस दौरान ज्वलनशील ईंधन से भरे टैंकर में ब्लास्ट नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। टैंकर में भरा पेट्रोल-डीजल निकालने के दौरान अज्ञात कारणों से ढाबे व टैंकर वाहन में आग बुरी तरह फैलने का अंदेशा जताया जा रहा है। आग भड़कने के बाद टैंकर ड्रायवर अरविंद परिहार ने वाहन को ढाबे से लगभग 50 मीटर दूर सड़क में ले जाकर खड़ा कर दिया। जबकि पूरे ढाबे में आग फैल गई, जहां ढाबे के एक कमरे में मौजूद पंकज पटले को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और भीषण आग में वह जिंदा जल गया। बरघाट नगर परिषद से पहुंचे दमकल वाहनों ने ढाबे की आग को काबू में किया। जबकि ज्वलनशील ईंधन से भरे टैंकर की आग बुझाने नगर पालिका सिवनी से केमिकल से भरा दमकल वाहन को बुलाया गया। केमिकल की बौछार से पेट्रोल-डीजल के टैंकर में भड़की आग को काबू किया गया।

आवाजाही रात में लगभग 3 घंटे बाधित रही

टैंकर में भड़की आग के कारण सिवनी-बालाघाट स्टेट हाइवे में वाहनों की आवाजाही रात में लगभग 3 घंटे बाधित रही। घटना के बाद बरघाट एसडीओपी ललित गठरे, तहसीलदार अमृतलाल धुर्वे, थाना प्रभारी मोहनीस बैस सहित पुलिस प्रशासन का दल-बल मौके पर पहुंच गया। ढाबा व टैंकर की आग बुझने के बाद जब ढाबा की तलाशी ली गई, तो कमरे में मृतक पंकज पटले का शव अध जली हालत में मिला।

हेराफेरी का अवैध कारोबार चल रहा था

क्षेत्रवासियों के अनुसार स्टेट हाइवे में संचालित ढाबे में लंबे समय से पेट्रोल-डीजल की हेराफेरी का अवैध कारोबार चल रहा था। ट्रक व टैंकर वाहनों से चोरी-छुपे ईंधन निकालकर बेचा जाता था। टैंकर से पेट्रोल-डीजल की हेराफेरी के दौरान लापरवाही से भीषण आग भड़कने का अंदेशा जताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि ढाबा के कमरे में पहले से ज्वलनशील ईधन मौजूद था, जिससे आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में मर्ग कायम कर सभी बिन्दुओं में गंभीरता से जांच प्रारंभ कर दी गई है। 

बरघाट एसडीओपी ललित गठरे का कहना है कि सिवनी-बालाघाट मार्ग में कौड़िया-घीसी गांव के ढाबे व पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में मंगलवार देर रात अचानक भड़की आग को काफी मशक्कत के बाद काबू में किया गया है। भीषण आगजनी की घटना में ढाबा के कमरे में मौजूद एक युवक पंकज पटले की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि उसके बड़े भाई राहुल व टैंकर ड्रायवर आंशिक रूप से झुलसे हैं। घटना पर बरघाट थाने में प्रकरण दर्ज विस्तृत जांच की जा रही है। पेट्रोल-डीजल की हेराफेरी के दौरान आगजनी की घटना तो नहीं हुई है, इस बिन्दु की छानबीन भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button