टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदा; सुपर-8 में शान से मारी एंट्री, पाक की हुई भारी फजीहत

कोलंबो। डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी बादशाहत कायम रखते हुए सुपर-8 राउंड में जगह पक्की कर ली है। टूर्नामेंट के अपने तीसरे और सबसे प्रतीक्षित मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की धज्जियां उड़ाते हुए उन्हें 61 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। कोलंबो के मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों के आगे पाकिस्तानी टीम पूरी तरह बेबस नजर आई। दिलचस्प बात यह है कि मैच से कुछ दिन पहले तक बॉयकॉट का राग अलापने वाली पाकिस्तानी टीम जब मैदान पर उतरी, तो उनका प्रदर्शन किसी नौसिखिया टीम जैसा रहा, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी जमकर फजीहत हो रही है।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। अब भारत का पाकिस्तान के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 8-1 का हो गया है। पूरे मैच के दौरान भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तान को वापसी का एक भी मौका नहीं दिया। लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने यह साफ कर दिया है कि वे अपने खिताब की रक्षा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।







