जेवर लेकर फरार हुई नौकरानी गिरफ्तार, वृद्ध दम्पत्ति की चाय में नींद की गोलिया मिलाकर बेहोश होने पर उतार लिये थे जेवर

जबलपुर यश भारत। थाना गोहलपुर मे 24 मई को जवाहर लाल गुप्ता उम्र 67 वर्ष निवासी जेडीए कालोनी गली नम्बर 17 शांतिनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सिचाई विभाग से रिटायर्ड है।17 तारीख को दोपहर लगभग 3-30 बजे वह अपनी पत्नी उषा गुप्ता के साथ घर में था तभी खाने बनाने वाली बाई संगीता सोनी जो विगत 12 वर्ष से उसके घर में खाना बना रही है, हम दोनों के लिये चाय बनाकर लेकर आयी हम दोनों पति पत्नी ने चाय पी, चाय पीने के बाद हम दोनो की तबियत खराब होने लगी एवं घबराहट होने लगी यददाश्त खोने लगे दोनो पति पत्नि लेट गये उसी समय उसने अपने भतीजे आयुष को तबियत खराब होने की सूचना दिया जो घर आया एवं हम दोनो पति पत्नि को मेट्रो अस्पताल मे इलाज हेतु भर्ती कराया एव रिश्तेदारो को सूचना दिया। वह और पत्नि अस्पताल मे 03 दिन भर्ती रहे. डाक्टर ने इलाज के दौरान हम दोनों को किसी जहरीली वस्तु के सेवन से तबियत खराब होना बताया था उसे उसी समय लगा कि हमने जो चाय पी थी उस चाय मे खाना बनाने वाली बाई ने हमे कुछ मिलाकर चाय पिलाई थी उसी के कारण हम लोगो कि तबियत खराब हुई थी। दिनांक 19/05/25 को शाम को छुट्टी कराकर घर आये पत्नि ने देखा कि उसके दोनों हाथो की सोने की चूडी एवं गले की चेन नही है। हम लोगों ने घर मे लगे सीसीटीव्ही कैमरे के चेक किया जिसमे खाना बनाने वाली बाई संगीता सोनी के हरकतो से उक्त जेवरात की घटना संगीता द्वारा घटित करना दिखाई दे रही है। रिपोर्ट पर धारा 123, 306 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय द्वारा घटित हुई घटना को गम्भीरता से लेते हुये आरोपिया की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आदेशित किये जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आनंद कलादगी एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर सुनील नेमा के मार्गनिर्देशन में थाना गोहलपुर की टीम गठित कर लगायी गयी।
गठित टीम द्वारा सरगर्मी से तलाश करते हुये आरोपी श्रीमति संगीता सोनी उम्र 47 वर्ष निवासी शांति नगर गोहलपुर को अभिरक्षा मे लेते हुये पूछताछ करने पर घटना कारित करना स्वीकार करते हुये बताया कि उसने चाय में नींद की गोलियॉ मिला दी तथा बहोश होने पर पहने हुये कंगन एवं चेन चुरा लिये थे। आरोपिया की निशादेही पर घर मे छिपाकर रखे हुये चुराये हुये 2 कंगन एवं 1 चेन जप्त करते हुये आरोपिया को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेज दिया गया।






