कटनीमध्य प्रदेश

जबलपुर, सतना और कटनी की टीम जुटी सुधार कार्य में, कटनी पहुंचे डीआरएम, घटनास्थल का किया निरीक्षण, जल्द सुधार के दिए निर्देश, मालगाड़ी हादसे की कराई जाएगी जांच

कटनी, यशभारत। कटनी बिलासपुर रेल खंड पर आज सुबह कोयले लोड मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतरने की घटना के बाद मण्डल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने जबलपुर से कटनी आकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीआरएम ने बताया कि मालगाड़ी के 5 डिब्बे गिरे हैं। इस घटना से अप और डाउन ट्रेक को नुकसान पहुंचा है। मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस घटना की वजह से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। कटनी, जबलपुर और सतना से टीम यहां आई है और सुधार कार्य में जुटी हुई है। डीआरएम ने बताया कि कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द सुधार कार्य पूरा हो जाए। डाउन ट्रेक को पहले सुधारा जा रहा है। इसके बाद अप ट्रेक में काम शुरू होगा। अप ट्रैक में ज्यादा नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि बिलासपुर की ओर से आ रही कोयला लोड मालगाड़ी आज सुबह लगभग 11 बजे कटनी पहुंचने वाली थी। इसी दौरान गायत्री नगर आउटर के पास ट्रेन के चार से अधिक डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। हादसे की खबर मिलते ही रेल प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। मौके पर जीआरपी (GRP), आरपीएफ (RPF) के जवानों के साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम पहुंच चुकी है। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) की मदद से बेपटरी हुए डिब्बों को वापस ट्रैक पर लाने और रेल लाइन को दुरुस्त करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।

यात्री ट्रेनें प्रभावित
इस दुर्घटना के कारण कटनी-बिलासपुर मार्ग पर चलने वाली कई यात्री ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। रूट बाधित होने की वजह से कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर रोका गया है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता ट्रैक को जल्द से जल्द खाली कर यातायात बहाल करने की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button