यशभारत डिंडौरीl कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई में आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान कराया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए नागरिकों द्वारा समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 72 आवेदन प्रस्तुत किए गए। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उनमें आवेदकों को समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक आश्वासन प्रदान किया गया। जन सुनवाई के दौरान अनेक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी जनसुनवाई में उपस्थित रहे।
इस दौरान विकासखंड करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत झनकी वनग्राम पांडपुर के निवासी मोहन सिंह बैगा उपस्थित हुए। उन्होंने अपने आवेदन में किसान सम्मान निधि की राशि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की चौथी किस्त दिलाए जाने की मांग रखी।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने मोहन सिंह बैगा से उनके पारिवारिक एवं आवास संबंधी स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने किसान सम्मान निधि से संबंधित प्रकरण के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चौथी किस्त के भुगतान के लिए सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया।
कलेक्टर के निर्देश पर सीईओ जिला पंचायत ने त्वरित कार्यवाही करते हुए जनपद सीईओ करंजिया एवं एसडीओ आरईएस को हितग्राही को चौथी किस्त का भुगतान सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह के भीतर आवास निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने मोहन सिंह बैगा से संपर्क हेतु मोबाइल नंबर चाहा, परंतु मोबाइल में रिचार्ज न होने के कारण वे नंबर बताने में असमर्थ रहे। इस पर कलेक्टर ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल मोबाइल रिचार्ज करवाया। साथ ही ठंड को देखते हुए उन्हें कंबल एवं स्वेटर प्रदान किए और आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे मोबाइल पर संपर्क कर सकते हैं। मोहन सिंह बैगा ने जनसुनवाई में समस्या बताते समय अपनी हुनर का भी प्रदर्शन कर बांसुरी बजाकर सुनाया जनसुनवाई में बैठे अधिकारी कर्मचारी मंत्रमुग्ध हो गए।
Back to top button