चोरी की मुरुम से खदान को पाटने की तैयारी, रोज गिराया जा रहा मलमा, लोगों के आवागमन के मार्ग को बंद करने का षड़यंत्र

कटनी, यश भारत। शहर में स्थित सालों पुरानी खदानों को पाटने की शिकायतें जब-तब सामने आती रहती हैं और अब ताजा मामला बरगवां में इंडियन कॉफ़ी हाउस के पीछे का सामने आया है, जहां खनिज विभाग के अधिकारियों को चुनौती पेश करते हुए नियमों को रौंदकर वर्षों पुरानी खदान को पाटने का काम किया जा रहा है।
क्षेत्र के लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से कतिपय लोगों द्वारा इस खदान में मलमा डालकर पाटा जा रहा है। यह भी बताया गया है कि शहर के आसपास सरकारी जमीन पर अवैध उत्खनन करते हुए मरूम को यहां डाला जा रहा है। मुरुम के उत्खनन के लिए न तो विधिवत कोई अनुमति ली गई है और न ही परिवहन करने के लिए कोई ट्रांजिट पास है। इसके बावजूद खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए न केवल अवैध उत्खनन किया जा रहा है वरन खदान को भी पाटा जा रहा है। इस पूरे मामले में जिले के खनिज विभाग की चुप्पी आश्चर्य जनक है। लोगों ने यह भी बताया कि पिछले कई सालों से लोग यहां से आवागमन कर रहे हैं। कतिपय लोगों द्वारा खदान को पाटते हुए सालों से आवागमन के लिए उपयोग होने वाले इस मार्ग को बंद करने की साजिश रची जा रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि खदान को पाटकर जमीन को बेचे जाने की तैयारी है। लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि खदान को पूरने के लिए रात के अंधेरे में खदान के आसपास मलमे की अनलोडिंग की जाती है फिर जेसीबी से मलमे को खदान में डाला जा रहा है।







