गृह विभाग कर रहा मंथन, कौन बनेगा अगला डीजी होमगार्ड, कई नामों की चर्चा,एक महीने के लिए स्पेशल डीजी बन सकते हैं डीसी सागर

भोपाल यश भारत।डीजी होमगार्ड का अगला डीजी कौन होगा, इसे लेकर गृह विभाग में इन दिनों विचार किया जा रहा है। डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार इस महीने की 31 तारीख को रिटायर होने वाले हैं। उनके रिटायर होते ही यह पद खाली हो जाएगा। मानसून के दौरान बाढ़, आंधी से आने वाली आपदा में होमगार्ड सहायता के लिए मैदान में उतरते हैं, ऐसे में डीजी का यह पद ज्यादा दिन खाली रखने के पक्ष में सरकार नहीं है। इधर एडीजी डीसी सागर एक महीने के लिए स्पेशल डीजी बन सकते हैं। मध्य प्रदेश के सबसे सीनियर 1988 बैच के अफसर अरविंद कुमार 31 मई को अपनी 27 साल की सेवापूर्ण कर रिटायर होने वाले हैं। अरविंद कुमार यहां पर डीजी होमगार्ड के पद पर पदस्थ हैं। इससे पहले वे डीजी जेल भी रह चुके हैं। अरविंद कुमार के रिटायर होने के बाद प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना सबसे सीनियर अफसर हो जाएंगे।इधर मानसून के दौरान तेज बारिश, बाढ़ और तेज आंधी आदि के दौरान होमगार्ड जवान लोगों के मदद के लिए उतरते हैं। ऐसे में यहां पर डीजी का पद मानसून के दौरान खाली रखने की जगह पर राज्य शासन जून में ही होमगार्ड में डीजी को पदस्थ करेगी। डीजी होमगार्ड के लिए डीजी रेंक के तीन अफसरों के नाम पर विचार शुरू हो गया है। यहां पर ऐसे अफसर को पदस्थ किया जा सकता है जो इस साल रिटायर नहीं होंगे। अरविंद कुमार के रिटायर होने के बाद वर्ष 1992 बैच के डीसी सागर स्पेशल डीजी के पद पर पदोन्नत होंगे। वे 30 जून को रिटायर होने वाले हैं। ऐसे में वे एक महीने के लिए स्पेशल डीजी के पद पर पदस्थ रहेंगे। अभी वे एडीजी शिकायत के पद पर पदस्थ हैं।







