सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम समनापुर साजू में पुरानी रंजिश ने एक खौफनाक अंत अख्तियार कर लिया। भंडारे के कार्यक्रम से लौट रहे एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। हालांकि, वारदात के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 6 घंटे के भीतर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
वारदात की शुरुआत करीब 15 दिन पुरानी एक मामूली कहासुनी से हुई थी। मृतक अभी यादव (22 वर्ष), निवासी ढचुआ, मंगलवार शाम जब समनापुर साजू में आयोजित एक भंडारे से अपने रिश्तेदारों के साथ लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने की नीयत से अभी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अभी के सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उसके साथी अमित और छोटू यादव भी इस खूनी संघर्ष में लहूलुहान हो गए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से गंभीर हालत में अभी यादव को सागर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, सागर पहुँचने से पहले ही रास्ते में अभी ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस ने मृतक के पिता लखन यादव की शिकायत पर सात नामजद आरोपियों के विरुद्ध धारा 103 (BNS) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस का ‘क्विक एक्शन’
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहवाल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह भदोरिया के नेतृत्व में पुलिस ने रात भर समनापुर और आसपास के जंगलों में घेराबंदी की। इस ‘ऑपरेशन’ के परिणाम स्वरूप वारदात के महज 6 घंटे के भीतर तीन मुख्य आरोपी टंटू यादव, अक्लू उर्फ अखिलेश यादव और भागचंद यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उपजेल रहली भेज दिया गया है।
तनावपूर्ण शांति: बाकी आरोपियों की तलाश जारी
गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अब शेष चार फरार आरोपियों—उमेश, मदन, सुखलाल और सुबेद यादव की सरगर्मी से तलाश कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उईके ने बताया कि फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Back to top button