खुलासा : 5 करोड़ से अधिक की संपत्ति का आसामी निकला कार्यपालन यंत्री, EOW के छापे में 2 आलीशान मकान, 5 कारें, लाखों की जेवरातों समेत 9 बैंक खातों की मिली जानकारी

कटनी, यशभारत। EOW द्वारा विद्युत वितरण कंपनी के कटनी सिटी डिविजनल ऑफिस में पदस्थ कार्यपालन यंत्री उमाशंकर पाराशर के नरसिंहपुर स्थित आवास में मारे गए छापे में 5 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति उजागर हुई है, जो आय से अधिक है। 5 करोड़ 5 लाख की संपत्ति के ब्यौरे में 2 आलीशान मकान, 5 कारें, 18 लाख 16 हजार 955 के सोने चांदी के जेवरात समेत करीब 37 लाख का सामान पाया गया है। जांच के दौरान कार्यपालन यंत्री के 9 बैंक खातों की जानकारी भी ईओडब्ल्यू के अधिकारियों को मिली है।
गौरतलब है कि ईओडब्ल्यू को इनपुट्स मिले थे कि कार्यपालन यंत्री द्वारा अपने नरसिंहपुर स्थित आवास में आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर रखी गई है। इस सूचना पर आज सुबह कार्यपालन यंत्री यू.एस. पाराशर के नरसिंहपुर स्थित मकान पर छापा मारा गया। जाँच उपरांत आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 89/25 धारा 13, (1) (बी), 13(2), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 का पंजीयन दिनांक 8/5/2025 को किया गया। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई जबलपुर द्वारा आरोपी के निवास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नरसिंहपुर एवं ग्राम-बिनैर (निवारी), तहसील-करेली, जिला नरसिंहपुर स्थित फैक्टरी पर सर्च की कार्यवाही संपादित की गई सर्च के दौरान चल-अचल संपत्तियों की जानकारी प्राप्त हुई है उनमें हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नरसिंहपुर में आरोपी के 02 आलीशान मकान, एक तीन मंजिला एवं एक दो मंजिला मकान पाया गया जिनकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रूपये पाई गई। साथ ही ग्राम-बिनैर (निवारी), तहसील-करेली, जिला नरसिंहपुर में कॉमन बायो केमिकल वेस्ट फैक्टरी पाई गई जिसका कीमत लगभग 3.0 करोड़ रूपये है। इसके अलावा सर्च कार्यवाही के दौरान आरोपी के निवास से चार पहिया वाहन-05 एवं दो पहिया वाहन-01, कुल 06 वाहन पाये गये जिनकी अनुमानित कीमत 60 लाख रूपये है। आरोपी के निवास से सर्च कार्यवाही के दौरान सोने-चांदी के जेवर राशि 18,16,955/- रुपये के पाये गये। जानकारी के मुताबिक सर्च कार्यवाही के दौरान घरेलू सामान की इन्वेंटरी बनाई गई जिसकी कीमत लगभग 36,43,000/- रुपये पाई गई। आरोपी के निवास एवं फैक्टरी से कुल लगभग 5.5 करोड़ की संपत्ति प्राप्त हुई है। इसके अतिरक्त 9 बैंक खातों की भी जानकारी प्राप्त हुई है जिनके संबंध में जाँच की जा रही है।
पत्नी के नाम निकलीं दो फैक्ट्रियां
जांच में इंजीनियर की पत्नी के नाम पर करोड़ों की बायो केमिकल फैक्ट्री और वेस्ट प्लांट का खुलासा हुआ है। जांच में पता चला कि उमाशंकर पाराशर की पत्नी के नाम पर दो फैक्ट्रियां दर्ज हैं, निवारी गांव में बायो केमिकल फैक्ट्री और बीनेर गांव में मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट। प्रारंभिक जांच में इन प्लांट्स की वैधता और निवेश स्रोतों पर सवाल उठे हैं।
फैक्ट्री समेत कई मकान और प्लॉट
EOW के डीएसपी एबी सिंह के मुताबिक प्रारंभिक जांच में उमाशंकर पाराशर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के सबूत मिले हैं। उनके पास नरसिंहपुर के विपतपुरा में एक मकान और रोसरा में दो अन्य मकान हैं। साथ ही कई बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं, जिनकी वैधता की जांच की जा रही है। उनके मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट पर ईओडब्ल्यू की कार्रवाई की जा रही है। सर्च कार्यवाही आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई जबलपुर के उप पुलिस अधीक्षक, श्री ए. व्ही. सिंह, उप पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्णजीत सिंह धामी, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती लक्ष्मी यादव, उप पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश खम्परिया, निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा पांडे, प्रधान आरक्षक अभिनव, नितेश दुबे, राम अनुग्रह तिवारी, राम जनम यादव, कयूम खान, आरक्षक सुमित पांडे, नदीख शेख, राजेश विश्वकर्मा, सगीर खाान एवं जसलीन कौर द्वारा संपादित की गई।