कैमोर हत्याकांड : आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कड़ी नाकेबंदी, दो युवकों की तलाश में कैमोर से बाहर जाने वाले हर रास्ते पर पुलिस, उधर कलेक्टर ने कहा – हटाए जाएंगे आरोपियों के अवैध कब्जे

कटनी, यशभारत। कैमोर में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नीलू रजक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को चिन्हित किया है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड को अंजाम देने में अकरम और प्रिंस नामक युवक सामने आए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कड़ी नाकेबंदी कर दी है। कैमोर से बाहर निकलने वाले रास्तों पर कड़ी चेकिंग चल रही है। एसपी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को ढूंढ निकाला जायेगा। इस बीच कैमोर में मीडिया से बात करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि आरोपियों के मकान अगर अवैधानिक रूप से बने हैं तो सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार कार्यवाई होगी और नगर परिषद के जरिए कब्जे तोड़ने की प्रक्रिया कल से ही शुरू करा दी जाएगी। इस बीच घटना को 12 घंटे बीत जाने के बावजूद लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा। आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह भी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पूरे कैमोर को एक तरह से पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर कैमोर थाना प्रभारी अरविंद चौबे और आरक्षक प्रेमशंकर पटेल को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
क्या है हत्या की वजह ?
बताया जा रहा है कि हत्याकांड में जिन दो आरोपियों के नाम सामने आए हैं, उनके द्वारा स्कूल कॉलेज आने जाने वाली छात्राओं और युवतियों के साथ छेड़खानी की जाती थी। एक महीने पहले कैमोर DAV स्कूल में आरोपियों को छेड़खानी करने से मना करना नीलू रजक की हत्या का कारण बना। आरोप है कि कैमोर पुलिस ने गलत ढंग से नीलू रजक पर मामला दर्ज कर दिया था। टी आई के सामने आरोपी द्वारा गोली मारने की धमकी दी गई थी। विरोध में स्थानीय लोगों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से मिलकर गलत तरीके से की गई FIR रद्द करने व सही जांच कराने की मांग की थी। कहा जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। बुलंद हौसले से भरे आरोपियों ने आज मौका मिलते ही नीलू रजक की गोली मारकर हत्या कर दी।
जिला प्रशासन को सौंपा मांग पत्र
कैमोर में हुए हत्याकांड के विरोध में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें अपराधियों और उनको संरक्षण देने वालों पर कार्यवाही की मांग के साथ अवैध मादक पदार्थों की बिक्री तत्काल बंद कराने ,अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले आर्म सप्लायर पर कार्यवाही करने, टी आई सहित दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही सहित अन्य मांगे शामिल हैं। प्रशासन की कार्यवाही के बाद ही पोस्ट मार्टम एवं दाह संस्कार कराने की बात की जा रही है।








