कटनीमध्य प्रदेश

कुएं में खाट डालकर बचाई जंगली सुअर की जान, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, रस्सी के सहारे निकाला बाहर

कटनी/पवई, यशभारत। वन परिक्षेत्र पवई के अंतर्गत ग्राम मझगवां में विगत दिवस वन विभाग द्वारा चलाए गए त्वरित रेस्क्यू अभियान ने एक जंगली सुअर की जान बचा ली। ग्रामीणों द्वारा विभाग को सूचना दी गई थी कि जंगल से लगे क्षेत्र में बने एक पुराने कुएं में जंगली सुअर गिर गया है। कुएं में पानी भरा होने के कारण उसकी जान पर संकट मंडरा रहा था। सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया और तत्काल एक विशेष टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। टीम के पहुंचने पर देखा गया कि सुअर कुएं के अंदर संघर्ष कर रहा था। कुएं की गहराई और चारों ओर पानी भरे होने से रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण था, लेकिन वन अमले ने बिना समय गंवा, रणनीति बनाकर काम शुरू किया। टीम ने पहले कुएं की सुरक्षा का आकलन किया और फिर रस्सों के सहारे खाट को नीचे उतारा गया ताकि सुअर उस पर चढ़ सके। कई बार के प्रयासों के बाद अंतत: सुअर खाट पर आ गया, जिसके बाद उसे सावधानीपूर्वक बाहर खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद जंगली सुअर को उसके प्राकृतिक आवास यानि जंगल में छोड़ दिया गया। इस पूरी कार्यवाही में परिक्षेत्र सहायक शेख महबूब खान, वन रक्षक प्रदीप खरे, कपिल वर्मा तथा ग्राम वन समिति अध्यक्ष बबलू चौधरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ग्रामीणों ने वन विभाग की इस तत्परता और सफल रेस्क्यू कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया से एक निर्दोष वन्यजीव की जान बच सकी। वन विभाग ने भी ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं कोई वन्यजीव संकट में दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें ताकि समय रहते उसे बचाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button