किसान के अरमानों पर फिरा पानी: कुछ महीने पहले खरीदा नया ‘स्वराज’ ट्रैक्टर घर के सामने से हो गया चोरी

जबलपुर यश भारत। बेलखाडू चौकी के साहू मोहल्ला में बीती रात शातिर चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। क्षेत्र के किसान अनिल साहू द्वारा महज आठ महीने पहले अपनी गाढ़ी कमाई से खरीदे गए नए ‘स्वराज’ ट्रैक्टर क्रमांक MP 20 ZW 8821 को अज्ञात चोरों ने उनके घर के सामने से ही पार कर दिया। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अनिल साहू ने बताया कि उन्होंने खेती-किसानी के कार्यों के लिए यह नया ट्रैक्टर खरीदा था। रोजाना की कार्यप्रणाली के तहत शुकृवार की रात भी उन्होंने ट्रैक्टर को अपने घर के ठीक सामने खड़ा किया और परिवार के साथ सोने चले गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच, जब पूरा मोहल्ला गहरी नींद में था, तब घात लगाकर बैठे चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाया और ट्रैक्टर लेकर रफूचक्कर हो गए।
घटना का खुलासा शनिवार सुबह
तब हुआ जब परिवार के सदस्य खेत जाने की तैयारी कर घर से बाहर निकले। ट्रैक्टर को अपने स्थान से नदारद देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में आसपास के रास्तों और जान-पहचान वालों के यहाँ पतासाजी की गई, लेकिन वाहन का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। हार मानकर पीड़ित ने बेलखडू चौकी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त कम होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।







