मंडला। त्यौहारी सीजन और लगातार सार्वजनिक अवकाश के कारण कान्हा टाइगर रिजर्व पर्यटकों से गुलजार हो गया है। होली के चलते बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक कान्हा पहुंच रहे हैं, जिसके कारण आगामी एक सप्ताह के लिए पार्क में प्रवेश के लिए ऑनलाइन टिकट पूरी तरह बुक हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार, कान्हा टाइगर रिजर्व में सफारी के अधिकांश स्लॉट फुल हो चुके हैं।
इस स्थिति में कई पर्यटक डायरेक्टर कोटा से प्रवेश टिकट पाने का प्रयास कर रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आमद का असर स्थानीय होटल और रिसॉर्ट्स पर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। कान्हा के खटिया, मुक्की और सरही गेट क्षेत्रों के लगभग सभी होटल और रिसॉर्ट्स पूरी तरह से बुक हो चुके हैं। पर्यटक यहां पहुंचकर जंगल सफारी का आनंद ले रहे हैं और उन्हें बाघ के दीदार भी हो रहे हैं। पर्यटकों की संख्या के आंकड़ों पर गौर करें तो गुरुवार सुबह कोर क्षेत्र में 92 और बफर में 35 सहित कुल 127 वाहनों में 683 पर्यटकों ने प्रवेश किया। बुधवार को पार्क बंद था।
मंगलवार सुबह कोर में 84 और बफर में 14 सहित कुल 98 वाहनों में 490 पर्यटकों ने सफारी की, जबकि शाम को कोर में 71 और बफर में 22 सहित कुल 93 वाहनों में 477 पर्यटकों ने पार्क का भ्रमण किया। सोमवार को कान्हा टाइगर रिजर्व में कुल 871 पर्यटकों ने भ्रमण किया, जिसमें सुबह की पाली में 110 सफारी वाहनों से 537 पर्यटक और शाम की पाली में 70 वाहनों से 334 पर्यटक शामिल थे। वहीं, रविवार को सुबह की पाली में 121 वाहनों से 614 पर्यटकों ने सफारी का आनंद लिया, जिनमें से 96 वाहन कोर जोन और 25 वाहन बफर जोन में गए थे। शाम की पाली में 71 वाहनों से 349 पर्यटकों ने भ्रमण किया। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। होटल व्यवसायियों, गाइडों, जिप्सी चालकों और पर्यटन से जुड़े अन्य लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
Back to top button