करंट लगाकर चीतल का शिकार, दो आरोपियों को गिरफ्तार किया वन विभाग ने, चीतल के तीन शव बरामद, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

कटनी, यशभारत। वन परिक्षेत्र बहोरीबंद के अंतर्गत ग्राम छपरा के राजस्व क्षेत्र में करंट लगाकर चीतल का शिकार करने के मामले में वन विभाग को सफलता मिली है। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में करंट फैलाकर तीन चीतलों का शिकार करना स्वीकार किया है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 8 मार्च को स्लीमनाबाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों से सूचना प्राप्त हुई कि वन परिक्षेत्र बहोरीबंद के अंतर्गत ग्राम छपरा क्षेत्र में करंट के माध्यम से वन्य जीवों का शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मुखबिर तंत्र और सतना से बुलाए गए डॉग स्कवाड की मदद से जांच शुरू की। वन परिक्षेत्र अधिकारी बहोरीबंद देवेश गौतम के मार्गदर्शन में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश बर्मन पिता कैलाश बर्मन निवासी संसारपुर और अजय बर्मन उर्फ करिया पिता धनीराम बर्मन निवासी छपरा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने विद्युत करंट फैलाकर चीतल का शिकार करना स्वीकार किया। वन विभाग द्वारा शिकार किए गए तीनों चीतलों के शव बरामद किए गए। शवों का पोस्टमार्टम वनमंडलाधिकारी कटनी, तहसीलदार स्लीमनाबाद, ग्राम छपरा के सरपंच तथा पशु चिकित्सा अधिकारी स्लीमनाबाद की उपस्थिति में कराया गया। इसके बाद स्लीमनाबाद डिपो में विधिवत शवदाह किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।







