कड़ाके की ठंड में उजड़ रहा गरीबों का आशियाना, टिकरवारा पंचायत के मोहन नगर का मामला
सालों से काबिज भूमिहीन परिवारों को प्रशासन का नोटिस

कटनी, यशभारत। राज्य सरकार के निर्देश पर जहां एक तरफ भूमिहीन परिवारों को जमीन का पट्टा दिए जाने के लिए सर्वे शुरू किया गया है तो वहीं दूसरी तरफ इन जमीनों पर पहले से काबिज लोगों को हटाया जा रहा है। इसके लिए बकायदा लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
मामला राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर कटनी और मैहर जिले की बॉर्डर पर बसे ग्राम मोहन नगर टिकरवारा पंचायत का है, जहां जिला प्रशासन ने भूमिहीन परिवारो को बेदखली आदेश जारी करते हुए गरीबों का आशियाना उजाडऩे की पूरी तैयारी कर ली है। प्रशासन के इस फरमान से ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मकान तोडऩे से पहले जेसीबी को हमारे ऊपर से चलना होगा। जानकारी के मुताबिक ग्राम मोहन नगर टिकरवारा पंचायत में सालों से काबिज भूमिहीन परिवारों को प्रशासन ने बेदखली आदेश जारी किया है। विगत दिवस गरीबों का आशियाना उजाडऩे प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि हम भूमिहीन है और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में यदि हमारा आशियाना उजाड़ा जाता है तो हमारा एवं हमारे परिवार के छोटे-छोटे बच्चों का जीवन खतरे में आ जाएगा। बीमार होकर जान जाने का खतरा बढ़ जाएगा!
ओबीसी महासभा ने जताया विरोध
ओबीसी महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ बी के पटेल ने कहा कि शासन गरीबों के साथ अन्याय कर रहा है। उन्होंने इस प्रकार के कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि यदि प्रशासन गरीबों की आवाज सुनकर उक्त आदेश को निरस्त नहीं करती है तो ओबीसी महासभा ग्रामीणजनों के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी।







