एसपी ऑफिस के पास हथियारबंद बदमाशों ने की लूट : मदद करने पहुंचे युवक से की मारपीट, 17 हजार नकद और मोबाइल लूटा

मैहर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात हुई लूट की एक सनसनीखेज वारदात ने आमजन से लेकर पुलिस महकमे तक को चौंका दिया है। घटना एसपी ऑफिस से चंद कदम की दूरी पर रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। हथियारों से लैस बदमाशों ने एक युवक से 17 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। इस वारदात में महिलाओं की भी सक्रिय भूमिका सामने आने से पुलिस को किसी संगठित गिरोह की आशंका है।
बदेरा निवासी राहुल कुशवाहा पिता भारतलाल, अपने बड़े भाई के साथ नागौद से लौट रहे थे। जैसे ही वे मैहर एसपी ऑफिस के पास पहुंचे, उन्होंने देखा कि सड़क किनारे एक ऑटो और पल्सर बाइक खड़ी है। वहां मौजूद एक महिला और युवती के साथ कुछ पुरुष जबरदस्ती करते नजर आए। राहुल को लगा कि कोई महिला संकट में है, इसलिए उन्होंने कार रोक दी।
जैसे ही कार रुकी, ऑटो में बैठी महिला बाहर निकली और मदद की गुहार लगाने लगी। इसी बीच अचानक 4 से 5 बदमाश धारदार हथियार और चाकू लेकर उन पर टूट पड़े। राहुल और उनके भाई से मारपीट की गई और हथियारों की नोक पर उनके पास मौजूद नकदी और मोबाइल लूट लिया गया।
भागकर पहुंची पुलिस तक, फिर मिले भाई
राहुल ने बताया कि हालात बिगड़ते देख उन्होंने तेजी से अपनी कार भगाई। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वे सुरक्षित निकल गए। भागते समय उन्हें अलाउद्दीन चौराहे पर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी नजर आई, जिसे उन्होंने तुरंत रोका और घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें रेलवे ओवरब्रिज के पास उनका भाई भी सुरक्षित मिल गया।
मौके से गायब थे लुटेरे, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वहां से ऑटो, पल्सर बाइक, महिला, युवती और सभी बदमाश फरार हो चुके थे। इससे स्पष्ट है कि यह पूरी वारदात पूर्व नियोजित थी और एक संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है।
संवेदनशील क्षेत्र में वारदात, पुलिस की सक्रियता पर सवाल
घटना जिस स्थान पर हुई, वह शहर का अति संवेदनशील इलाका माना जाता है और एसपी ऑफिस के बेहद समीप है। ऐसे में लूट जैसी गंभीर घटना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े करती है। फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने पीड़ित राहुल कुशवाहा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।







