मंडला | जिले के ग्रामीण इलाकों में गहराते जल संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विकासखंड मवई की ग्राम पंचायत अंजनी माल के खाल्हे टोला में इन दिनों पानी की भारी किल्लत के कारण ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को अपने और मवेशियों के लिए एक से डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का हैंडपंप पिछले करीब 15 दिनों से खराब पड़ा हुआ है, जिससे पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है।
पानी की तलाश में ग्रामीणों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है, जिससे उनके दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। सरपंच शिव कुमार मरावी ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर मवई के पीएचई विभाग के अधिकारियों को कई बार फोन के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासनिक लापरवाही के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गांव में नल-जल योजना का कार्य भी पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिसके कारण ग्रामीणों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अधूरी पड़ी नल-जल योजनाएं उनके गुस्से का बड़ा कारण बन रही हैं। इधर इस मामले में पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री मनोज भास्कर ने कहा कि समस्या की जानकारी मिली है एक दो दिनों के भीतर पानी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
Back to top button