उमरियापान में तेंदुए की दस्तक से दहशत, वन विभाग अलर्ट मोड पर

कटनी, यशभारत। कटनी जिले के उमरियापान से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। बीते कुछ दिनों से लगातार तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाएं मिल रही हैं, जिसके बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
इन गांवों में देखी गई तेंदुए की गतिविधि
ग्रामीणों और किसानों के अनुसार तेंदुआ मुड़िया पुरवा, टोपी, घुघरा, घुघरी, धौरेशर, छोटा कछारगांव और पचपेढ़ी सहित आसपास के कई गांवों में देखा गया है। तेंदुए द्वारा अब तक दो बकरियों का शिकार किए जाने की भी पुष्टि हुई है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। ढीमरखेड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने अपनी टीम के साथ मुड़िया पुरवा की पहाड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल, खेतों या पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से बचने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

स्थानीय निवासी वैभव चौरसिया, रमाकांत चौरसिया सहित अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ने की मांग की है। वहीं वन विभाग ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक विशेष निगरानी दल का गठन किया है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेंदुए के दिखने की सूचना तुरंत विभाग को दें और अफवाहों से बचते हुए सतर्कता बनाए रखें।







