अवैध रेत का परिवहन कर रहे डम्फर की टक्कर से युवक की मौत :आक्रोशित लोगो ने किया प्रदर्शन
सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र अंतर्गत बागडोंगरी गांव के पास रेत का अवैध परिहन कर रहे डंपर ने सायकिल सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे सायकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने गांव की सडक़ पर मृतक का शव रखकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार कल 24 जून की रात बागडोंगरी में रेत का अवैध उत्खनन कर चोरी से परिवहन कर रहे डम्पर के चालक ने दुरेंदा निवासी यशवंत राव सोनी को रौंद दिया। घटना के बाद डंपर चालक डंपर लेकर भाग गया। घटना के बाद क्षेत्रीय जनों ने आक्रोश में आकर बागडोंगरी में अवैध उत्खनन में मृतक व्यक्ति के साथ न्याय करने व अवैध उत्खनन में रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर दिया। जानकारी ।इलने के बाद केवलारी विधायक ठा. रजनीश हरवंश सिंह मौके पर पहुंचे और क्षेत्रीय जनों का समर्थन करते हुए बागडोंगरी में हो रहे अवैध उत्खनन का जमकर विरोध किया।
मौके पर मिले डंपर और पोकलैंड मशीन:-
प्रदर्शन के दौरान अवैध रेत उत्खनन की चोरी कर रहे डंपर को रोककर उनकी जांच कराई गई तो घटना स्थल पर 14 डंपर बिना रेत रॉयल्टी के व सात पोकलेन मशीन पाई गईं। इस पर केवलारी विधायक ठा. रजनीश हरवंश सिंह व क्षेत्रीय जनों ने घटना स्थल पर मौजूद 14 डंपरों व सात पोकलैंड मशीन को राज सात करने व अवैध उत्खनन कर रहे ठेकेदार पर कठोर कार्यवाही करने की मांग की। साथ ही शासन से मृतक के परिजनों को उचित राहत राशि प्रदाय किए जाने कि मांग की।
सूचना मिलने के बाद उगली पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्रीय जनों की मांग पर केवलारी एसडीएम महेश अग्रवाल ने पंचनामा तैयार कर घटना स्थल में पाए गए वाहनों की जप्ती बनाई और आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। एक घंटे बाद लोगो ने प्रदर्शन समाप्त किया।







