अपर मुख्य सचिव ने परखी नगर विकास योजनाएं
लापरवाह उपयंत्री 'ठेकेदारों पर सख्ती, समय पर पूर्ण करने के निर्देश

नगरीय विकास परियोजनाओं की समीक्षा, समय पर गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने के निर्देश
कटनी- यशभारत -अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे ने नगर निगम में चल रहे प्रोजेक्ट्स को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्य इस प्रकार किए जाएं कि दूसरे लोग प्रशंसा करें। श्री दुबे ने अमृत योजना और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों में देरी करने वाली कंसल्टेंट कंपनियों और ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने जिला पंचायत सभाकक्ष में नगर निगम सहित जिले के सभी नगरीय निकायों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी, अपर आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास शिशिर गेमावत, निगमायुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हर सिमरन प्रीत कौर, उपसंचालक नीलेश दुबे और प्रमुख अभियंता नगरीय विकास एवं आवास उपस्थित रहे।
“लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश”
प्रधानमंत्री आवास योजना ए.एच.पी घटक की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि प्रेमनगर खिरहनी बस्ती में 1444 आवास पूरे किए जा चुके हैं, जिनमें 1412 लोगों का पंजीयन हुआ है और 733 लोगों को अधिपत्य दिया जा चुका है। शेष आवासों को शीघ्र पूरा कर पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश दिए गए। अमृत योजना 1.0 के तहत सीवरेज एंड सेप्टेज मैनेजमेंट प्रोजेक्ट और अमृत 2.0 वाटर बॉडी रिज्युविनेशन, वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट, पाइपलाइन विस्तार और सीवर प्रोजेक्ट की समीक्षा कर समय पर काम पूरा करने को कहा गया।
“कर्मचारियों पर कार्रवाई”
मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तहत कटाएघाट में रिवर फ्रंट कार्य में लापरवाही और मॉनिटरिंग न करने पर नगर निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। कोताही बरतने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई करने को कहा गया।
“राजस्व वसूली में सुधार के निर्देश”
अपर मुख्य सचिव ने नगर निगम की राजस्व वसूली में कम प्रगति पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होने पर व्यावसायिक टैक्स वसूला जाए और कर संग्राहकों से भवनों का सत्यापन कर प्रमाण पत्र लिया जाए।
“स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता गतिविधियां”
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में व्यापक आईईसी गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए गए। शहर को वाटर प्लस सर्टिफिकेट दिलाने के लिए सीवर लाइन नेटवर्क कार्य में तेजी लाने और नागरिकों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। नगर पंचायत कैमोर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और स्वच्छता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कैमोर नगर परिषद को स्वच्छता सर्वेक्षण में फाइव स्टार रैंकिंग दिलाने के लिए प्रयास करने को कहा गया।
“परियोजनाओं का निरीक्षण:”
अपर मुख्य सचिव ने अमीरगंज स्थित एम.एस.डब्लू प्लांट का निरीक्षण कर लीगेसी वेस्ट निष्पादन कार्य में तेजी लाने और निगम कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर कचरे की निगरानी करने के निर्देश दिए। माधवनगर में निर्माणाधीन 7.50 एम.एल.डी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर शेष कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। बिलहरी मोड़ झिंझरी फेस-1 में प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन भवनों की जानकारी ली गई और कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। बस स्टैंड स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम परिसर का निरीक्षण कर लाइब्रेरी, कैफेटेरिया और अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।







