अपडेट : जबलपुर में प्लास्टिक सर्जन के ऑब्जर्वेशन में है साक्षी, दो दिन में होगी सर्जरी, फिलहाल हालत खतरे से बाहर, दद्दाधाम में हुआ था हादसा

कटनी, यशभारत। दद्दाधाम में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेले में आई एक युवती गंभीर हादसे का शिकार हो गई। हवाई झूला झूलने के दौरान युवती के बाल झूले में फंस गए, जिससे उसके सिर की पूरी चमड़ी बाल सहित अलग हो गई। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी और चीख पुकार का माहौल बन गया। घटना के मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत झूला रुकवाया और काफी मशक्कत के बाद युवती को झूले से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की मदद से साक्षी गोस्वामी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज जबलपुर रिफर कर दिया। बताया जाता है कि तिलक कॉलेज रोड निवासी 23 वर्षीय साक्षी गोस्वामी पिता राजेन्द्र गोस्वामी दद्दाधाम में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान अपनी बहन शिखा गोस्वामी एवं सहेली के साथ मेला घूमने के लिए आई थी। दोनों झूले पर बैठी थीं, तभी झूला घूमते वक्त साक्षी के बाल झूले के की बेरिंग में फंस गए, जिससे वह जोर से झटके से पीछे की ओर खिंच गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और किसी तरह युवती को निकालकर एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा गया।
कटनी से जबलपुर मार्ग बना ग्रीन कॉरीडोर
बताया जाता है कि दद्दाधाम में युवती के साथ हुई इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया। खबर लगते ही कलेक्टर आशीष तिवारी ने डॉ यशवंत वर्मा ने युवती की हालत की जानकारी ली। युवती को इलाज के लिए एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज जबलपुर रिफर किए जाने के बाद कटनी-जबलपुर नेशनल हाईवे को ग्रीन कॉरीडोर बनाया गया, जिससे युवती समय पर जबलपुर पहुंच सके और उसकी जान बचाई जा सके।
इनका कहना है
हादसे का शिकार हुई युवती को मेडिकल कॉलेज जबलपुर में भर्ती कराया गया है। युवती प्लास्टिक सर्जन डॉक्टर के आब्र्जवेशन में है। दो दिन के अंदर उसकी सर्जरी की जाएगी। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
-डॉ. यशवंत वर्मा, सिविल सर्जन








