मध्य प्रदेशराज्य

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत : वाहन चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के किंदरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बख्सी ग्राम के समीप रात्रि के समय एक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की घटना स्थल पर मौत हो गई। और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा बनाकर लोगो की मदद से एम्बुलेंस में शव पीएम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान कुलदीप यादव पिता इंदल यादव उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद टक्कर मारने वाला वाहन बिना रुके मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जानकारी जुटाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, ताकि फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां दिन-रात वाहनों और लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर अधिक भीड़ या अन्य वाहन मौजूद नहीं थे, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

किंदरई थाना प्रभारी गजेन्द्र राजपूत ने बताया कि सूचना मिली थी कि सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई है। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की गई है। फरार वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और सावधानी बरतें। पुलिस का कहना है कि लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण ही अधिकांश सड़क हादसे हो रहे हैं। लगातार जागरूकता के बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसके कारण जान-माल का नुकसान हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button