कटनी

हरतालिका तीज विशेष : जब तक जियूं मैं सुहागन रहूं…महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत, आज रात्रि जागरण के साथ फुलेहरा के नीचे होगी शिव पार्वती की पूजा



कटनी, यशभारत। हरितालिका तीज का पर्व आज मंगलवार को मनाया जा रहा है। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखा है। कुंवारी कन्याएं भी इच्छित वर की प्राप्ति के लिए व्रत कर रहीं हैं। ऐसा माना जाता है कि शिवजी को पति के रूप में पाने के लिए इस व्रत को माता पार्वती ने शादी से पहले किया था। तीज को लेकर महिलाओं की तैयारियां पिछले 3-4 दिनों से जारी हैं। पर्व के एक दिन पहले बाजारों में खरीदारी को लेकर महिलाओं की भीड़ देखी गई। पूजन सामग्री की दुकानों में भी चहल-पहल रही। महिलाओं ने आर्डर देकर विशेष तरह का फुलेहरा भी तैयार कराया है। फुलेहरे के नीचे शिव-पार्वती के पूजन का महत्व तीजा व्रत में बतलाया गया है। महिलाएं रात्रि जागरण के साथ भजन-कीर्तन भी करतीं हैं।
बाजारों में रही चहल-पहल
हरितालिका तीज को लेकर बाजारों में सोमवार को काफी चहल-पहल रही। इस दौरान महिलाएं आभूषण व कपड़े की दुकान पर खरीदारी करती रहीं। बाजारों में पूजन-सामग्री समेत विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ रही। श्रृंगार के सामानों की दुकानों पर विशेष भीड़ बनी रही। पूजा के उपयोग में आने वाली सामग्री महिलाओं ने खरीदीं। साड़ी अलावा फल-फूल की खरीदारी के लिए भी दुकानों पर भीड़ देरशाम तक बाजारों में लगी रही। शहर के सुभाष चौक, मेन रोड, स्टेशन रोड, सिल्वर टॉकीज रोड, टिकियामल चौराहा, गोल बाजार समेत अन्य स्थानों व उपनगरीय क्षेत्रों में तीज व्रत की सामग्री की खरीददारी के लिए दुकानें सजी देखीं गई। हरितालिका तीज पर जब लोगों ने खरीदार के लिए बाजारों का रुख करना शुरू किया तो शहर के सुभाष चौक पर जाम का नजारा दिखा। हर बार की तरह इस बार भी यातायात पुलिस की लचर व्यवस्था की वजह से काफी देर तक लोग भीड़ में परेशान रहे।
हरतालिका तीज का महत्व
हरतालिका तीज के दिन मां पार्वती का पूजन किया जाता है और सुहागिन यह कामना करती हैं कि उसके पति को लंबी उम्र व अच्छा स्वास्थ्य मिले। साथ ही मां पार्वती और भगवान शिव की तरह दांपत्य जीवन भी खुशहाल बना रहे। इस दिन महिलाएं 16 श्रृंगार कर संजती-संवरती हैं और पूरे विधि-विधान से मां पार्वती का पूजन करती हैं लेकिन ध्यान रखें कि हरतालिका तीज की पूजा में कोई लापरवाही नहीं करनी चाहिए और पूजा की थाली में सभी जरूरी सामग्री होनी चाहिए। इस पूजा में मां पार्वती को प्रसन्न करने के लिए पसंदीदा वस्तुएं जरूर शामिल करनी चाहिए। अगर आप भी हरतालिका तीज का व्रत कर रही हैं।
पूजन सामग्री
भगवान शिव व माता पार्वती की मूर्तियां, घी, दीपक, अगरबत्ती और धूपबत्ती, 2 पान, कपास की बाती और कपूर, 2 सुपारी और भोग के लिए केले, पानी से भरा कलश, आम के पत्ते, केले के पत्ते, धतूरा, फूल, बेल के पत्ते और एक चौकी साबुत नारियल, शमी के पत्ते, चंदन, 16 श्रृंगार की वस्तुएं जैसे कि काजल, कुमकुम, मेहंदी, बिंदी, सिंदूर, चूडियां, बिछियां, कंघा और लाल चुनरी।
हरितालिका व्रत का पारण टाइम
इस साल हरितालिका तीज व्रत आज 26 अगस्त मंगलवार को रखा गया है, इसलिए इस व्रत का पारण कल 27 अगस्त बुधवार को किया जाएगा। बुधवार को सूर्योदय पूर्व स्नान के बाद गौरीशंकर की पूजा करें और उनका विसर्जन करने के बाद जल ग्रहण कर व्रत खोला जाएगा।
पूजा का मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 25 अगस्त को भारतीय समयानुसार दोपहर 12:34 मिनट पर शुरू हुई है, वहीं इस शुभ तिथि का समापन 26 अगस्त को दोपहर 01:54 मिनट पर होगा। इसलिए आज हरतालिका तीज का व्रत रखा जा गया है। ज्योतिषियों की मानें तो हरतालिका तीज पर दुर्लभ साध्य योग का निर्माण हो रहा है। इस योग का संयोग दोपहर 12 बजकर 9 मिनट तक है। इसके बाद शुभ योग का निर्माण हो रहा है। दोनों ही योग बेहद शुभ होते हैं। इसके अलावा रवि योग का भी संयोग हरतालिका तीज पर बन रहा है। इन योग में देवों के देव महादेव एवं मां पार्वती की पूजा करने से साधक को मनचाही मुराद पूरी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button