ड्यूटी के दौरान खौफनाक कदम: शहडोल में जबलपुर के आरक्षक शिशिर सिंह ने खुद को राइफल से मारी गोली।

शहडोल पुलिस लाइन में पदस्थ और मूलतः जबलपुर के घमापुर निवासी 29 वर्षीय आरक्षक शिशिर सिंह ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1:25 बजे की है। बताया जा रहा है कि शिशिर सिंह (पिता स्वर्गीय शरद सिंह) घटना से ठीक पहले मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे, जिसके तुरंत बाद उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें लहूलुहान अवस्था में पाया, जहाँ उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
शिशिर सिंह के करियर की शुरुआत 2013 में बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति के साथ हुई थी, जिसके बाद 2015 में 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर वे नियमित आरक्षक बने थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है, हालांकि पुलिस अब शिशिर के मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है ताकि इस कदम के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। इस घटना से उनके गृह नगर जबलपुर और शहडोल पुलिस विभाग में शोक की लहर है







