कटनी, यश भारत। जागते रहो : यह डायलॉग इस समय कटनी के खिरहनी इलाके में सुनने को मिल रहा है। दरअसल इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोर उठाईगीरो द्वारा घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है। गुरुवार की रात को भी खिरहनी इलाके में कुछ ऐसा ही हुआ। एनकेजे थाना क्षेत्र के बड़ी खिरहनी इलाके में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने कई घरों में चोरी की वारदात करने का प्रयास किया। यह तो गनीमत रही कि लोग उस समय जाग रहे थे और उन्होंने शोर शराबा किया। जिससे चोर भाग गए। लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से इस इलाके में चोरों का आतंक मचा हुआ है। जिसको लेकर क्षेत्र के लोगों ने आज दोपहर छोटी खिरहनी में सड़क पर आकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि एनकेज पुलिस को कइयों बार सूचित किए जाने के बाद भी पुलिस की गश्त नहीं बढ़ाई जा रही है। लगातार वारदातों से क्षेत्र के लोगों में खौफ व्याप्त हो गया है। हालांकि पुलिस द्वारा रात्रि गश्त बढ़ाए जाने का दावा किया जा रहा है लेकिन उनके दावा में कितनी सच्चाई है यह तो चोरों की कारगुजारियों से दिख आ रहा है।